श्रीनगर : जम्मू-कश्मीर के आठ जिलों में शनिवार को भारी बर्फबारी के आसार के चलते हिमस्खलन की चेतावनी जारी की गयी है। जम्मू-कश्मीर आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (जेकेडीएमए) ने बताया कि कश्मीर के बांदीपोरा, बारामूला, कुपवाड़ा, गांदरबल और जम्मू क्षेत्र के डोडा, किश्तवाड़, पुंछ तथा रामबन जिलों में 2,200 मीटर से ऊपर कम खतरे के स्तर के साथ हिमस्खलन होने के आसार हैं। जेकेडीएमए ने स्थानीय लोगों को सावधानी बरतने और हिमस्खलन संभावित क्षेत्रों में जाने से बचने की सलाह दी है। उन्होंने यहां के लोगों के लिये आपदा के समय हेल्पलाइन नंबर 112 जारी किया है। प्रदेश में आज शाम से पांच दिनों तक वर्षा होने के आसार हैं।
