शिमला : हिमाचल प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान तूफान और हिमपात होने के कारण बिजली आपूर्ति, सड़क और परिवहन सेवाएं बाधित हो गईं। आधिकारिक सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान लाहौल स्पीति के कुकुमसेरी में 44 सेमी, गोंडोला में 38.5 सेमी, केलांग में 35 सेमी, लाहौल स्पीति के हंसा में 30 सेमी, कुल्लू में कोठी में 20 मिमी और कल्पा में 10.6 सेमी, किलाड़ में 90 सेमी, सलूणी में दस सेमी, जोत में पांच सेमी हिमपात हुई जबकि किन्नूर के संगल में 21 मिमी, मूरंग में 8.6 मिमी, तिस्सा में आठ सेमी, चंबा में सात सेमी, कुफरी में छह सेमी और डलहौजी में पांच सेमी वर्षा हुई।
तूफान और हिमपात के कारण राज्य में लगभग 1800 बिजली ट्रांसमिशन लाइनें बंद हैं, जिसके कारण अधिकांश सड़कें चंबा, कुल्लू, सिरमुआर और लाहौल स्पीति जिलों में प्रभावित हैं। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के एक प्रवक्ता ने कहा कि पिछले 24 घंटों में 228 प्रमुख सड़कें और चार राष्ट्रीय राजमार्ग बाधित हो गए हैं, क्योंकि लाहौल स्पीति में 165 सड़कें और चंबा जिले में 52 सड़कें बर्फ से ढकी हुई हैं।
मौसम विभाग ने यहां भारी बारिश या हिमपात और ओलावृष्टि के साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने को लेकर ऑरेंज अलर्ट की चेतावनी दी है।
