खजुराहो : मोहन यादव ने कहा है कि खजुराहो को नगर पालिका के रूप में विकसित किया जाएगा। यादव ने मंगलवार देर शाम छतरपुर जिले में स्थित विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल खजुराहो में पचासवें नृत्य समाराेह को संबोधित किया। इस अवसर पर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष और खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि खजुराहो अभी नगर परिषद है। इसे जनसंख्या के अनुपात के आधार पर नगर पालिका के रूप में विकसित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नृत्य समारोह भारतीय संस्कृति को संरक्षित और संवर्धित करने का समारोह है। खजुराहो के मंदिर 1000 वर्ष से पुराने गौरवशाली इतिहास को गर्व और गौरव से प्रदर्शित करते हैं। खजुराहो नृत्य समारोह के माध्यम से भारतीय संस्कृति की गौरवशाली परंपरा से विश्व परिचित हो रहा है। आने वाले समय में इसे और अधिक भव्य और दिव्य स्वरूप में आयाेजित किया जाएगा।
यादव ने खजुराहो नृत्य समारोह के विभिन्न पहलुओं पर आधारित पुस्तक ‘सोपान’ एवं कॉफी टेबल बुक बुंदेलखंड का लोकार्पण भी किया। मुख्यमंत्रीने खजुराहो नृत्य समारोह के दौरान ही खजुराहो को विकास की विभिन्न सौगातें दी। उन्होंने खजुराहो में एलोपैथिक हॉस्पिटल, आयुर्वेदिक कॉलेज और हॉस्पिटल बनाने की घोषणा की। खजुराहो नगर परिषद को जनसंख्या के अनुपात के आधार पर नगर पालिका बनाने की घोषणा की।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि खजुराहो अाध्यात्म और कला की धरती है। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का खजुराहो को जनजातीय और लोक कलाओं के प्रशिक्षण के लिए देश का पहला गुरुकुल देने के लिए खजुराहो की जनता की तरफ से आभार व्यक्त किया।
खजुराहो काे नगर पालिका बनाया जाएगा
