नैनीताल : उत्तराखंड सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) की टीम ने बुधवार को काशीपुर के राजस्व उप निरीक्षक और उसके सहयोगी को सात हजार रुपये की घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। विजिलेंस के निदेशक डा. वी. मुरूगेशन के अनुसार शिकायतकर्ता की ओर से टोल फ्री नंबर 1064 पर शिकायत दर्ज करायी गयी कि काशीपुर तहसील में तैनात राजस्व उप निरीक्षक (पटवारी) धर्मेन्द्र कुमार आय प्रमाण पत्र बनाने की एवज में उससे 7000 रुपये रिश्वत मांग रहा है।
हल्द्वानी विजिलेंस को इस मामले को सौंपा गया। शिकायत की प्राथमिक जांच करायी गयी और तथ्य सही पाये जाने पर एक ट्रैप टीम का गठन किया गया। टीम ने आरोपी राजस्व उप निरीक्षक और उसके सहयोगी अलाउद्दीन को तहसील कार्यालय में रंगे हाथ घूस लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम कार्यवाही अमल में लायी जा रही है। निदेशक डा. मुरूगेशन ने ट्रैप टीम को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
गौरतलब है कि विजिलेंस की टीम भ्रष्टाचारियों के खिलाफ लगातार कार्यवाही कर रही है। पिछले 15 फरवरी को भी काशीपुर के दो सरकारी अध्यापकों को घूस लेते हुए गिरफ्तार किया था।
पटवारी व उसका सहयोगी घूस लेते गिरफ्तार
