जैसलमेर : राजस्थान के जैसलमेर में विश्व विख्यात चार दिवसीय मरू महोत्सव का गुरुवार को भव्य शोभायात्रा के साथ का आगाज हुआ। जिला कलक्टर प्रतापसिंह एवं जिला पुलिस अधीक्षक सुधीर चैधरी ने गड़ीसर सरोवर से हरी झंडी दिखा कर लोक संस्कृति और परंपराओं को प्रतिदर्श भव्य शोभा यात्रा को रवाना किया। मरू महोत्सव के अन्तर्गत मरूधरा के लोक जीवन के आयोजनों के साथ ही विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताएं आकर्षण का केंद्र रही।
कार्यक्रम की शुरुआत में गुजरात से आए कलाकारों ने सिद्धि धमाल एवं राठवा नृत्य की प्रस्तुति दी जिसे देख कर दर्शक आनंद विभोर हो गए। मरूमेले में राजस्थानी संस्कृति कला के कई अद्भुत रंग देखे गए एवं कई रोचक प्रतियोगिताओं ने देशी विदेशी सैलानियों का खूब मनोरंजन किया।
इस अवसर पर आयोजित साफा बांधो प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर अनूप सिंह, द्वितीय स्थान पर नाथुसिंह तथा तृतीय स्थान आईदानसिंह विजेता रहे। वहीं विदेशियों के बीच आयोजित साफा बांधो प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर फ्रांस के जेनिक ब्रूनेला, द्वितीय स्थान पर फ्रांस के टिमोथी और तृतीय स्थान पर कनाड़ा के आयरनी रहे। मूंछ प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर रविन्द्र जोशी, द्वितीय स्थान पर गेनाराम एवं अमृतलाल वहीं तृतीय स्थान पर चेतन प्रकाश और पंकज कुमार दवे रहे।
जैसलमेर में चार दिवसीय मरु महोत्सव का हुआ आगाज
