लखनऊ : दिल्ली की खिलाड़ियों ने प्रथम खेलो इंडिया महिला ताइक्वांडो लीग फेज 2 में शनिवार को दो स्वर्ण पदक जीतकर अपने स्वर्ण पदकों की संख्या पांच कर ली। इस लीग में दिल्ली के खिलाड़ियों ने अब तक 5 स्वर्ण व 3 रजत पदक जीते है। वहीं चंडीगढ़ व गुजरात की खिलाड़ियों ने कुल 3-3 स्वर्ण पदक अपने नाम किए है।
केडी सिंह बाबू स्टेडियम के बैडमिंटन हाल में आयोजित लीग में मुकाबलों में उत्तर प्रदेश ने दो रजत व पांच कांस्य जीतने में सफलता हासिल की। शनिवार को देर शाम तक चले मुकाबलों में उत्तर प्रदेश के लिए अन्वेषा जैन ने कैडेट अंडर-59 किग्रा में रजत व तूषिका वर्मा ने जूनियर अंडर-52 किग्रा में कांस्य पदक अपने नाम किए।
आज समापन समारोह के अवसर पर पैरा ओलंपिक के चयन के लिए होने वाले पैरा एशियन क्वालीफायर राउंड के लिये भारतीय टीम में चयनित साई एनसीओई लखनऊ की प्रशिक्षु अरुणा तंवर व मुस्कान के साथ एनसीओई प्रशिक्षक संध्या भारती को सम्मानित किया गया।
अरुणा तंवर ने पैरा एशियन गेम्स में कांस्य पदक सहित ओशनिया पैरा ताईक्वांडो चैंपियनशिप, ऑस्ट्रेलियन ओपन पैरा ताइक्वांडो चैंपियनशिप एवं प्रेसिडेंट कप 2023 में स्वर्ण जीते है। अरुणा अरुणा टोक्यो पैरालंपिक-2020 में अंतिम आठ में रही थी। पैरा एशियन गेम्स में प्रतिभाग कर चुकी मुस्कान ने पैरा एशियन चैंपियनशिप-2023 में रजत पदक जीता है।
ताइक्वांडो लीग: दिल्ली ने जीते दो स्वर्ण
