फिरोजाबाद : उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में लोगों को लोन दिलाने के नाम पर ठगने वाली एक अंतरजनपदीय गिरोह का सोमवार को भंड़ाफोड़ करते हुए गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। एसपी सिटी सर्वेश कुमार मिश्रा ने बताया कि लोन दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले लोगों की साइबर सेल पर शिकायतें मिल रही थीं और इनको गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने इनकी गिरफ्तारी निर्देश दिये। थाना साइबर अपराध पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर सोमवार को थाना उत्तर क्षेत्रांतर्गत स्थित इस्लामियां कॉलेज के ग्राउण्ड से तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में पकड़े गये युवकों ने अपने नाम युवराज उर्फ गौरव, मनीष यादव और रोहित यादव बताये। पुलिस ने उनके कब्जे से तीन मोबाइल फोन, 31,500 रुपये नगद, लोन के फर्जी फॉर्म,पैम्प्लेट और आठ फर्जी आधार कार्ड, सात फर्जी बैंक पहचान पत्र व अन्य सामान बरामद किया है। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
प्रभारी निरीक्षक साइबर सेल आलोक कुमार मिश्रा ने बताया कि पकड़े गये तीनों आरोपियों को न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया है।
एसपी सिटी ने जानकारी देते हुए बताया कि राजू कुशवाह ने थाना उत्तर पर एक तहरीर दी थ, जिसमें 29 जनवरी को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया जैन मंदिर के पास से दो युवकों द्वारा लोन दिलाने के नाम पर थोखाधड़ी करते हुए उसके मोबाइल से 50 हजार रुपये का फ्रॉड कर लिया है । वादी की तहरीर के आधार पर थाना उत्तर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पकड़े गये ठगों ने पूछताछ के दौरान बताया कि वह लोग बिजनेस लोन दिलाने के नाम पर विभिन्न जनपदों आगरा,फिरोजाबाद,मैनपुरी,बुलन्दशहर, एटा, मथुरा आदि जनपदों में फर्जी पैम्प्लेट चस्पा कर, बांट कर प्रचार प्रसार करते हैं, जिस पर उनके फर्जी मोबाइल नंबर लिखे रहते हैं। जब कोई व्यक्ति लोन के सम्बंध में जानकारी हेतु फोन करता है, तो हम व्हाट्सअप के जरिये उसके आधार कार्ड,पैन कार्ड की फोटो मंगा कर फर्जी लोन डिटेल भेज कर बाद में उसे किसी बैंक के आस.पास बुला लेते हैं और अपने पास रखे फर्जी लोन के फॉर्म भरवाते हैं। साथ ही आने वाले व्यक्ति को ये बता दिया जाता है कि जितने रुपये का लोन वह लेना चाहता है उसका 20 प्रतिशत उसके खाते में होना जरूरी है। इस दौरान केवाईसी वैरिफिकेशन करने के नाम पर उसका मोबाइल ले लेते हैं और उसे बातों में लगा कर उसके खाते से रुपये ट्रांसफर कर लेते हैं।
ठगी करने वाले अन्तर्जनपदीय गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार
