कॉलेज में सात दिवसीय एनएसएस कैंप का शुभारंभ
कपिल शर्मा | गौरवशाली भारत
नांगल चौधरी। शहीद मेजर सतीश दहिया राजकीय महाविद्यालय में सोमवार को राष्ट्रीय सेवा योजना के अन्तर्गत दो यूनिट का सात दिवसीय शिविर का शुभारंभ वार्ड संख्या 4 स्थित श्री गौड़ परिषद में महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. अनिल यादव की अध्यक्षता में हुआ। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि स्वरूप रिटायर्ड प्रोफेसर हरलाल सिंह रहे। शिविर में मुख्य अतिथि ने एनएसएस की प्रमुखता एवं उद्देश्य से अवगत कराया। महाविद्यालय प्राचार्य ने भी अपने अध्यक्षीय संबोधन में सोसाइटी में साकारात्मक बदलाव और सामाजिक सेवा के लिए वॉलिंटियर्स को प्रोत्साहित किया।

राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ. दीपक शर्मा ने कहा शिविर में व्यक्तित्व विकास और सामाजिक सेवा में आगे बढ़कर जागरूक करने का मुख्य लक्ष्य रहेगा। साथ ही सामाजिक बुराइयों से निपटने के लिए एनएसएस वॉलिंटियर्स को तैयार किया जाएगा। ताकि वॉलिंटियर्स अच्छे नागरिक बनकर देश के लिए काम में आएं। इस शिविर में कार्यक्रम अधिकारी डॉ. कविता ने संबोधित करते हुए उन्हें शिविर में सात दिनों की योजना पर विस्तृत जानकारी दी। साथ ही शिविर शुभारंभ में वॉलिंटियर्स को समाजिक कार्यों को लेकर विभिन्न विषयों पर उन्हें दिशा निर्देश दिए।

डॉ. कविता ने बताया कि शिविर में मुख्य उद्देश्य वालंटीयर्स को आत्मनिर्भर बनाने पर रहेगा। उन्होंने कहा कि स्टार्टअप इंडिया और इनोवेशन से विद्यार्थी आत्मनिर्भर बनेंगे। प्लास्टिक मुक्त भारत बनाने के लिए जूट हैंडबैग मैन्युफैक्चरिंग प्रशिक्षण के साथ-साथ विद्यार्थियों में कौशल विकास और उद्यमशीलता द्वारा प्रायोजित शिक्षण संस्थान से जुड़ी कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा।

सात दिवसीय विशेष शिविर के पहले दिन वॉलिंटियर्स ने पेड़ पौधों के सौंदर्यीकरण के लिए उनमें जल सिंचाई के साथ गौशाला में स्वच्छता के प्रति श्रमदान किया। शिविर शुभारंभ के अवसर पर डॉ. सुनीता, डॉ. ईश्वर सिंह, डॉ. विक्रम सिंह, बिजेन्द्र कुमार, प्रितम, अमर सिंह और कॉलेज स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
