कई निर्माण ध्वस्त
रूद्रपुर/नैनीताल : उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के किच्छा में सोमवार को जिला विकास प्राधिकरण का बुलडोजर गरजा और दो अवैध बस्तियों को ध्वस्त कर दिया गया। साथ ही दो कालोनियों में निर्माण कार्य रोक दिया गया। प्राधिकरण के नव नियुक्त उपाध्यक्ष अभिषेक रूहेला के निर्देश पर आज उपजिलाधिकारी किच्छा, तहसीलदार, अधिशासी अभियंता, अवर अभियंता एवं प्राधिकरण की टीम ने बंडिया और सुनहरा गांव का दौरा किया। यहां प्राधिकरण को अवैध निर्माण की शिकायत मिल रही थी।
बंडिया में प्राधिकरण की ओर से दो अनधिकृत कालोनियों के ध्वस्तीकरण के आदेश पहले से दिये गये थे। आज प्राधिकरण ने सख्ती दिखाते हुए इन बस्तियों में कई निर्माणों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। इसके बाद टीम ने ग्राम सुनहरा का निरीक्षण किया और देखा कि दो कालोनियों में धड़ल्ले से निर्माण काम चल रहा है। यहां टीम ने मौके पर बिना अनुमति के किये जा रहे कई निर्माण कार्य को रोकने के आदेश दिये। साथ ही उल्लंघन करने पर सख्त कार्यवाही की चेतावनी दी।
श्री रूहेला ने कहा कि अवैध कालोनियों और निर्माणों के खिलाफ आगे भी कार्यवाही अमल में लायी जायेगी। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि भूमि क्रय करते वक्त जांच लें कि कालोनाइजर्स ने प्राधिकरण से उक्त कालोनी का मानचित्र स्वीकृत किया है या नहीं।
