गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

रामपुर : पुलिसकर्मी समेत 25 पर मुकदमा

रामपुर : उत्तर प्रदेश में रामपुर जिले के मिलक क्षेत्र में अंबेडकर प्रतिमा को लगाने को लेकर हुये विवाद में दलित छात्र की मौत के मामले में चार पुलिसकर्मियों समेत 25 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि मंगलवार शाम डा भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को ग्राम समाज की भूमि पर लगाने को लेकर विवाद हुआ था। एसडीएम समेत राजस्व कर्मी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थे। इस दौरान हुई फायरिंग में एक दलित छात्र की मौत हाे गयी थी जबकि दो अन्य युवक घायल हो गए थे। परिजनों ने घटना स्थल पर शव रखकर घंटों हंगामा किया था। रात तीन बजे पुलिस ने कुल 25 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
सूत्रों के अनुसार क्षेत्र में एक स्थान पर अंबेडकर की मूर्ति और बोर्ड लगाने को लेकर पिछले 15 दिन से विवाद चला आ रहा था। विवाद दलित और गंगवार समाज के लोगों के बीच चल रहा था। मंगलवार शाम इस स्थान पर अंबेडकर की मूर्ति और अंबेडकर का बोर्ड लगाने को लेकर विवाद बढ़ गया। इसको हटवाने राजस्व कर्मियों की टीम एसडीएम तहसीलदार पुलिसबल के साथ पहुंचे थे। इस बीच विवाद में शामिल भीड़ में से किसी ने गोली चला दी। गोली सोमेश पुत्र गैंदालाल के सिर में लग गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। साथ ही उसके पड़ोसी अमित व एक अन्य भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक के भाई ने राजस्व कर्मियों और पुलिस पर फायरिंग का आरोप लगाया। मृतक सोमेश हाई स्कूल का छात्र था।
परिजनों ने गंगवार समाज के लोगों से विवाद की बात कही। इस मौके पर गुस्साई भीड़ ने पुलिस की जीप पर पथराव कर इसे क्षतिग्रस्त कर दिया। साथ घटना स्थल पर शव को रखकर घंटों विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस एवं प्रशासनिक अमला लगातार अक्रोशित परिजनों को शांत करने में जुटा रहा। परिजनों द्वारा शव को घटना स्थल पर रखकर विरोध जताने को शांत कराने मुरादाबाद मण्डल आयुक्त आञ्जनेय सिंह और डीआईजी मुरादाबाद मुनिराज भी पहुंचे।
मृतक के पिता गैंदनलाल की और से पुलिस को तहरीर दी गई है। तहरीर में पिता गैदनलाल ने राजस्व कर्मियों और पुलिस सहित गंगवार समाज के लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। साथ ही मृतक सोमेश के परिवार को एक करोड़ रुपए और घायलों रमन बाबू और रहीस पाल को 10-10 लाख रुपए का मुआवजा देने की मांग की है और अंबेडकर की मूर्ति की स्थापना करने की मांग की है।
मौके पर पहुंचे मुरादाबाद मण्डल आयुक्त आञ्जनेय सिंह ने कहा कि घटना में गोली लगने से एक युवक की मौत और दो लोग घायल हो गए हैं। मृतक के परिजनों की शिकायत को सुना गया है। साथ ही उन्हें आश्वासन दिया गया है कि घटना में जो भी दोषी होगा इसके खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी। सारे बिंदुओं पर जांच की जाएगी।
परिजनों के विरोध पर पुलिस ने पिता की तहरीर पर 25 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा मध्य रात्रि दर्ज किया है। इसमें बड़ा गांव चौकी प्रभारी सहित चार पुलिसकर्मियों और एसडीएम और तहसीलदार के हमराह पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही कुर्मी गंगवार समाज के 19 आरोपियों पर मामला दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *