नैनीताल/देहरादून : उत्तराखंड के हल्द्वानी दंगा के एक अन्य साजिशकर्ता अब्दुल मोइद को गिरफ्तार करने में पुलिस ने सफलता हासिल की है। उसे भी दिल्ली से पकड़ा गया है। उत्तराखंड पुलिस के प्रवक्ता डा. नीलेश आनंद भरते और नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पीएन मीणा ने बुधवार को इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि बनभूलपुरा दंगा के मुख्य साजिशकर्ता अब्दुल मलिक के पुत्र अब्दुल मोइद को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसे दिल्ली से पकड़ा गया है।
श्री मीणा ने बताया कि यह वांछित आरोपियों की सूची में अंतिम नामजद और आरोपी था। अभी तक पुलिस कथित रूप से दंगा भड़काने के 84 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें एक दर्जन वांछित आरोपी हैं। पुलिस मुख्य साजिशकर्ता अब्दुल मलिक को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। वह जेल की हवा खा रहा है। पुलिस ने उसे 23 फरवरी को दिल्ली से गिरफ्तार किया था।
पुलिस गिरफ्तार अब्दुल मोइद को आज हल्द्वानी लेकर आयी। पुलिस के लिये इसे बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। आरोपी घटना के बाद विगत आठ फरवरी से ही फरार चल रहा था। आरोपी को पकड़ने के लिये पुलिस टीमों ने पिछले कई दिनों से दिल्ली, मुम्बई, गुजरात, उप्र एवं बिहार की खाक छान मारी।
पुलिस बनभूलपुरा दंगा के लिये अब्दुल मलिक के बाद अब्दुल मोइद को प्रमुख साजिशकर्ता मान रही है। पुलिस उनकी घर की कुर्की कर चुकी है। यही नहीं पुलिस ने अब्दुल मलिक को दंगे की भेंट चढ़ी संपत्ति की भरपाई के लिये 2.44 करोड़ का नोटिस भी जारी किया है।
गौरतलब है कि विगत आठ फरवरी को बनभूलपुरा के कथित मलिक के बगीचे से सरकारी भूमि पर से अतिक्रमण हटाने के दौरान भीड़ ने पहले पुलिस और प्रशासन की टीम पर पहले पत्थरबाजी की और उसके बाद आगजनी और पेट्रोल बम से हमला कर दिया। बनभूलपुरा थाना और कई वाहनों को पर आग लगा दी। इस घटना में कई वाहनों और संपत्तियों को आग लगा दी गयी। हिंसा और आगजनी में पांच लोगों की तत्काल मौत हो गयी थी।
हल्द्वानी दंगा का एक और साजिशकर्ता गिरफ्तार
