चंडीगढ़ : शिरोमणि अकाली दल (शिअद) ने गुरुवार कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने युवक की मौत के सिलसिले में हरियाणा पुलिस के बजाय अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करके न केवल मारे गये युवक शुभकरण सिंह को बल्कि किसान समुदाय और पंजाबियों के साथ विश्वासघात किया है। वरिष्ठ अकाली नेता सरदार बिक्रम सिंह मजीठिया ने यहां एक बयान में कहा कि मुख्यमंत्री ने शुभकरण को न्याय सुनिश्चित करने के बजाय हरियाणा सरकार और उसके मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के साथ मिलीभगत की है।
इस मामले में प्रकरण दर्ज करने के मुख्यमंत्री के आश्वासन से पलटे जाने को लेकर कहा, ‘‘ अब यह सुनिश्चित करने के लिये जानबूझकर एक कमजोर प्राथमिकी दर्ज की गयी, ताकि मामला अदालत में साबित न हो पाये।’’ उन्होंने यह भी कहा कि कल किसानों पर ही शुभकरण की हत्या का आरोप लग सकता है, क्योंकि अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
मजीठिया ने कहा कि शुभकरण को अब कभी भी न्याय नहीं मिलेगा। अकाली नेता ने मुख्यमंत्री को याद दिलाया कि वह बार-बार दावा करते थे कि पुलिस बल मुख्यमंत्री यां गृहमंत्री के सीधे आदेश के बिना किसी के खिलाफ गोली नहीं चला सकता। ‘‘ अब यह क्या है? शुभकरण की हत्या करने वालों के खिलाफ एफ.आई.आर दर्ज कराने से मुख्यमंत्री क्यों गुरेज कर रहे हैं। ’’
उन्होंने पंजाब कांग्रेस और प्रदेश पार्टी अध्यक्ष राजा वड़िंग पर आम सरकार के साथ दोस्ताना मैच खेलने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा,‘‘ दोनाें पार्टियों ने गठबंधन किया, लेकिन कांग्रेस आप सरकार के खिलाफ विरोध का दिखावा कर रही है, भले ही इसके राजा वड़िंग ने मुख्यमंत्री के साथ समझौता किया है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि उनके खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला दर्ज न किया जाये।
