गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

मोदी के नेतृत्व में भारत को विश्व की महाशक्ति बनाएंगे

सीधी/सिंगरौली : विष्णुदेव साय ने आज कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत 2047 तक दुनिया की महाशक्ति और विश्व गुरु बने, इसके लिए मध्यप्रदेश की सभी 29 सीटें जीतना आवश्यक है। कार्यकर्ता प्राणपण से जुटकर आमजन का आशीर्वाद प्राप्त करें और कांग्रेस मुक्त भारत बनाने के मिशन में जुट जाए।
साय ने यह बात सीधी के वैष्णवी गार्डन में आयोजित कार्यकर्ता बैठक को संबोधित करते हुए कही। बैठक को प्रदेश महामंत्री सरदेन्दू तिवारी, जिलाध्यक्ष देव कुमार एवं विधायक रीति पाठक ने भी संबोधित किया। श्री साय ने पूर्व में सिंगरौली पहुंचकर शक्ति नगर स्थित मां ज्वालामुखी मंदिर में माता के दर्शन कर पूजन अर्चन किया। तत्पश्चात अटल सामुदायिक भवन बिलौंजी में आयोजित प्रबुद्धजन सम्मेलन में शामिल हुए।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी ने अयोध्या में राम मंदिर, कश्मीर से धारा 370 समाप्त करने, तीन तलाक और अनेकों महत्वपूर्ण निर्णय लेकर आमजन को राहत दी है। श्री साय ने कहा कि कार्यकर्ता कांग्रेस मुक्त भारत बनाने के मिशन में जुट जाए। जनता जनार्दन के आशीर्वाद से छत्तीसगढ़ को हमने कांग्रेस मुक्त राज्य बनाने का फैसला किया है।
साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के पुनः प्रधानमंत्री बनने से गरीब, किसान, युवा, दलित, शोषित एवं वंचितों का सम्मान होगा। जिसके कारण हम भारत को अगले 5 वर्षों में विश्व की तीसरी अर्थव्यवस्था बनाकर देश को सशक्त बनायेंगे।
उन्होंने कहा कि आज देश में प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में सांस्कृतिक पुनरुत्थान की ओर निरंतर आगे बढ़ रहा है। चाहे वह भव्य और दिव्य अयोध्या में भगवान श्री रामलला विराजमान हो, भव्य काशी हो या फिर महाकाल कोरिडोर, हर जगह भारत को भारतीयता से जोड़ने का कार्य हो रहा है। उन्होंने कहा कि ज्ञान पार्टी का विजन है। ज्ञान का अर्थ है गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी का सम्मान और उनका उत्थान।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि वे इसी मध्यप्रदेश में पले, बढे हैं। पहले मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ का हिस्सा था, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने हमें स्वतंत्र राज्य की सौगात दी थी। उन्होंने कहा कि हम सब सौभाग्यशाली हैं, जिन्हें भारतीय जनता पार्टी जैसे दल में कार्य करने का अवसर मिला है। क्योंकि सभी विपक्षी दल एक परिवार की पार्टी हैं। जबकि भाजपा में राष्ट्रवाद सर्वोपरि है। बूथ स्तर के कार्यकर्ता के रूप में उन्होंने काम किया और आज मुख्यमंत्री हैं। यह सिर्फ भाजपा में ही संभव हो सकता है।
उन्होंने कहा कि भाजपा में लोकतंत्र है जहां कार्यकर्ता परिश्रम और निष्ठा के बल पर आगे बढ़ सकता है। साय ने कार्यकर्ताओं को कहा कि जनता के आशीर्वाद से मेरा बूथ सबसे मजबूत और बूथ जीता, चुनाव जीता के मंत्र को साकार कर प्रदेश की सभी 29 सीटें जीतना हमारा लक्ष्य है।
साय ने सिंगरौली में प्रबुद्धजन सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि लोकसभा चुनावों का शंखनाद हो चुका है। देश की अन्य विपक्षी पार्टियों में परिवारवाद हावी है जबकि भाजपा कार्यकर्ता आधारित दल है। जहां एक ओर प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में विश्व भर में भारत का डंका बज रहा है वहीं दूसरी ओर हमारी सरकार ने गरीबों के उत्थान में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी है। पांच सौ साल के लंबे संघर्ष के बाद आज अयोध्या में भगवान श्री रामलला का भव्य मंदिर बना है यह सभी के लिए गौरव का क्षण है।
उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में भाजपा को 400 सीटों के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिये हमें आप सभी बुद्धिजीवियों का साथ चाहिए ताकि देश को विश्व की तीसरी आर्थिक महाशक्ति बनाने का लक्ष्य पूरा हो सके। सम्मेलन को प्रदेश शासन की मंत्री राधा सिंह एवं प्रदेश महामंत्री सरदेन्दू तिवारी ने भी संबोधित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *