शिमला : मार्च महीने की शुरुआत में हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात का दौर शुरू हो गया है। वहीं मैदानी इलाकों में वर्षा के कारण समूचा प्रदेश शीतलहर की चपेट में आ गया है। राजधानी शिमला में भी शुक्रवार सुबह से ही बारिश हो रही है।
प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के कारण लाहौल स्पीति व चंबा के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात शुरू हो गया है। जिससे तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ का असर तीन मार्च तक देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने आज व कल प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी बारिश व पर्वतीय क्षेत्रों में हिमपात का ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है।
मौसम विज्ञान केंद्र के संदीप शर्मा ने बताया कि प्रदेश में गत रात्रि से पश्चिमी विक्षोभ के चलते ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात व मैदानी क्षेत्रों में बारिश का दौर शुरू हो चुका है। सुबह लाहौल स्पीति के हंसा में पांच सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई है। कांगड़ा, हमीरपुर बिलासपुर सहित मैदानी क्षेत्रों में वर्षा शुरू हो चुकी है।
पश्चिमी विक्षोभ का असर दो मार्च तक रहेगा। जिसके चलते जिला चंबा, लाहौल स्पीति, कांगड़ा, ऊना, शिमला हमीरपुर के एक दो स्थानों में भारी बारिश की संभावना है। वहीं, लाहौल स्पीति किन्नौर, चंबा के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी हिमपात का अनुमान है। इसका असर तीन मार्च तक देखने को मिलेगा। चार मार्च से ऊंचाई वाले कुछ एक क्षेत्रों में हिमपात हो सकता है।
हिमाचल फिर शीतलहर की चपेट में
