अयोध्या : भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में गुजरात मंत्रिमंडल के सदस्यों, विधानसभा अध्यक्ष, मुख्य सचेतक और अन्य ने शनिवार को अयोध्या में भव्य राम मंदिर में रामलला के दर्शन किये। पटेल ने इस क्षण को सौभाग्यपूर्ण एवं भावुक बताया और कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा, पुरुषार्थ एवं प्रतिबद्धता से अयोध्या राम मंदिर में श्री रामचंद्र की प्राण प्रतिष्ठा देश के इस अमृतकाल में करोड़ों भारतवासियों के लिए अमृत उत्सव समान बनी है।
मुख्यमंत्री ने अयोध्या राम मंदिर में दर्शन-पूजन करने के बाद मीडिया कर्मियों से बातचीत में कहा कि मोदी के यशस्वी नेतृत्व में प्राचीन पावन नगरी अयोध्या में भगवान श्री राम की मूर्ति की अलौकिक प्राण प्रतिष्ठा देश में नये कालचक्र के उद्भव का उद्घोष है। उन्होंने कहा कि इतना ही नहीं यह मंदिर आने वाले हजारों वर्षों में रामराज्य की स्थापना के संकल्प के साथ भारत के दृष्टि, दर्शन एवं दिग्दर्शन का मंदिर बना है। सच्चे अर्थ में यह मंदिर राष्ट्र की चेतना एवं राष्ट्र के नवजागरण का मंदिर है।
उन्होंने कहा कि प्रभु श्री राम के दर्शन कर भगवान से प्रार्थना की है कि गुजरात सहित सभी देशवासियों का स्वास्थ्य सुखमय रहे तथा प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत विकास की जो नयी ऊचाइया लगातार पार कर रहा है, वह विकास यात्रा उनके नेतृत्व में आने वाले दिनों में भी प्रभु श्री राम की कृपा से और आगे बढ़ती रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक हिन्दू का संकल्प था कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण होना चाहिये। प्रभु श्री राम की कृपा से ऐसे ऐतिहासिक मंदिर का भूमिपूजन तथा प्राण प्रतिष्ठा, दोनों पवित्र कार्य करने का सौभाग्य श्री मोदी को प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 में उच्चतम न्यायालय ने राम मंदिर निर्माण के पक्ष में निर्णय देकर मंदिर निर्माण को लेकर शताब्दियों से चले आ रहे विघ्न दूर कर दिये और प्रधानमंत्री के नेतृत्व वाली केन्द्र सरकार ने श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र का गठन कर तीव्र गति से मंदिर निर्माण कार्य प्रारंभ करवाया, जिसके फलस्वरूप इस वर्ष 22 जनवरी को भव्य राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा सम्पन्न हुयी है।
उन्होंने 22 जनवरी के दिन को प्रत्येक भारतीय तथा दुनियाभर में बसने वाले रामभक्तों के लिये एक पवित्र अवसर बताया और कहा कि अनेक पीढ़ियों द्वारा सैकड़ों वर्षों तक अपने हृदय में संजोया गया संकल्प प्रधानमंत्री के नेतृत्व में ऐसे समय सिद्ध हुआ है, जब भारत विकसित राष्ट्र बनने का लक्ष्य प्राप्त करने की दिशा में अग्रसर है। उन्होंने राम मंदिर निर्माण तथा रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को गुजरात एवं गुजरातियों के लिये विशेष और अत्यंत गौरवशाली अवसर बताया और कहा कि गुजरात के सपूत तथा देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री मोदी के करकमलों से रामलला की प्राण प्रतिष्ठा से यह मंदिर राष्ट्रीय चेतना एवं सांस्कृतिक विरासत की समृद्धि का प्रतिबिंब बन गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राम मंदिर के दर्शन को आने वाले राज्य के श्रद्धालुओं के लिये अयोध्या में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा दी गयी भूमि पर गुजरात यात्री भवन के निर्माण के लिये इस वर्ष गुजरात सरकार ने बजट में दस करोड़ रुपये आवंटित किए हैं और यह 50 करोड़ रुपये का आयोजन है। उन्होंने कहा कि रामलला के दर्शन को आने वाले समग्र गुजरात के यात्रियों को सरलता से निवास सुविधा प्रदान करने के लिये इस यात्री भवन का निर्माण होने वाला है। उन्होंने कहा कि गुजरात की ग्राम, तहसील, जिला पंचायतों, नगर पालिकाओं और महानगर पालिकाओं तथा गुजरात विधानसभा ने राम मंदिर निर्माण से भारत को विश्व गौरव दिलाने वाले प्रधानमंत्री को अभिनंदन देने वाला अभिनंदन प्रस्ताव पारित किया है और भारत को राममय बनाने के लिये उनका धन्यवाद भी व्यक्त किया है।
उन्होंने कहा कि देशभर से हर दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान श्री रामचंद्र के दर्शन का लाभ लेने के लिये अयोध्या आ रहे हैं। विशेष आस्था ट्रेन द्वारा गुजरात से भी अयोध्या स्थित राम मंदिर दर्शन के लिये आने वाले यात्रियों को जो सुविधायें मिल रही हैं, उन्होंने उसके लिये उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया।
पटेल ने अयोध्या में रामलला के किए श्रद्धापूर्वक दर्शन
