बाराबंकी : सोशल मीडिया में वायरल वीडियो से आहत बाराबंकी संसदीय क्षेत्र के लिये भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लोकसभा प्रत्याशी एवं मौजूदा सांसद उपेंद्र रावत ने चुनाव लड़ने से इंकार कर दिया है। जेपी नड्डा को लिखे पत्र में श्री रावत ने मामले की निष्पक्ष जांच का अनुरोध करते हुये कहा है कि जब वह निर्दोष साबित नहीं हो जाते, तब तक कोई चुनाव नहीं लडेंगे।
गौरतलब है कि भाजपा की लोकसभा चुनाव के उम्मीदवारों की पहली सूची में बाराबंकी से सांसद उपेंद्र रावत को एक बार फिर अपना प्रत्याशी घोषित किया लेकिन कुछ घंटे बाद सोशल मीडिया पर उपेंद्र रावत का एक अश्लील वीडियो अपलोड हो गया जिसमें सांसद को एक विदेशी महिला के साथ आपत्तिजनक स्थिति में दिखाया गया है।
रावत ने एक्स पर पोस्ट किया “ हमने आज राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को पत्र लिखकर कर निवेदन किया है कि घटना की जांच का और जब तक मैं निर्दोष साबित नहीं हो जाता तब तक मैं किसी भी चुनाव में हिस्सा नहीं लूंगा।” उन्होंने दावा किया कि यह वीडियो फर्जी है और उन्हे बदनाम करने के लिए एडिट कर वायरल किया गया है। जल्द ही सच्चाई सामने आ जाएगी।
इस बीच वायरल वीडियो की जांच के लिए सांसद के निजी सचिव दिनेश रावत ने थाना कोतवाली नगर में तहरीर देकर जांच करने की मांग की थी। हाई प्रोफाइल मामला होने के चलते पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस वायरल वीडियो अपलोड करने वाले की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
निर्दोष साबित होने तक नहीं लड़ूंगा चुनाव
