गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

हल्द्वानी दंगा के तीन और आरोपी गिरफ्तार

अभी तक कुल 92 गिरफ्तार

नैनीताल : उत्तराखंड की हल्द्वानी पुलिस ने सोमवार को बनभूलपुरा दंगा मामले में तीन और उपद्रवियों को गिरफ्तार किया। इन पर हिंसा फैलाने का आरोप है। नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पीएन मीणा के अनुसार पुलिस की ओर से पूरे घटनाक्रम की वीडियो रिकार्डिंग और सीसीटीवी फुटेज की जांच जारी है। पत्थरबाजी, हिंसा और आगजनी में शामिल दंगाइयों के चिन्हीकरण की कार्यवाही की जा रही है।
साक्ष्यों और तत्थों के आधार पर पुलिस ने हिंसा और उपद्रव में शामिल तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में जहीर पुत्र मो0 खालिद निवासी लाइन नंबर-06, आजाद नगर, बनभूलपुरा, मो0 शाकिर उर्फ लाला, पुत्र यामीन, निवासी वार्ड नंबर 29, उत्तर उजाला नाला पार, बनभूलपुरा, दानिश खान पुत्र स्व0 फयाज खान, निवासी साल मस्जिद के सामने, लाइन नंबर-18, वार्ड नंबर-29, बनभूलपुरा शामिल है।
पुलिस अभी तक 92 दंगाइयों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अभी चिन्हीकरण का काम चल रहा है। पुलिस ने एक दर्जन से अधिक नामजद और पांच हजार अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आने वाले समय में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
उल्लेखनीय है कि पिछले महीने आठ फरवरी को हल्द्वानी के बनभूलपुरा के कथित मलिक का बगीचा से अतिक्रमण हटाने के दौरान एक समुदाय ने हिंसक रूप अख्तियार कर लिया था। पुलिस और प्रशासन पर पत्थरबाजी के अलावा अवैध हथियार और पेट्रोल बम से हमला कर दिया था। इसी दौरान कई वाहनों पर आग लगा दी थी और बनभूलपुरा थाना को घेर कर आग लगा दी थी। इसमें पांच लोगों की मौत हो गयी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *