गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

मोदी गुरुवार को श्रीनगर के दौरे पर आयेंगे

श्रीनगर : नरेन्द्र मोदी की गुरुवार को केन्द्रशासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के आगमन के मद्देनजर बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गयी है। अगस्त 2019 में जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा निरस्त होने के बाद प्रधानमंत्री मोदी की यह पहली कश्मीर यात्रा होगी। श्री मोदी श्रीनगर के बख्शी स्टेडियम में सार्वजनिक रैली को संबोधित करेंगे।
एक सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि प्रधानमंत्री की हाईप्रोफाइल दौरे को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा उपाय बढ़ाये गये हैं और सभी आवश्यक सावधानियां बरती जा रही हैं। उन्होंने कहा कि बख्शी स्टेडियम और उसके आसपास के इलाकों में कड़े सुरक्षा इंतजामात किये गये हैं। इन इलाकों में हवाई निगरानी भी की जा रही है। शहर में विभिन्न स्थानों पर पुलिस और सीआरपीएफ वाहनों और यात्रियों की जांच कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सड़कों पर किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नज़र रखने के लिए कई इमारतों की छतों पर भी सुरक्षा बल तैनात किये गये हैं। इसके साथ ही अन्य जिलों में भी सुरक्षा बढ़ा दी गयी है।
प्रधानमंत्री की रैली के शांतिपूर्ण आयोजन के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कई शीर्ष नेता श्रीनगर में डेरा डाले हुए हैं। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में लोग श्री मोदी के दौरे को लेकर काफी उत्साहित हैं। उन्होंने कहा “जम्मू-कश्मीर को देश की आतंकवाद राजधानी का नाम दिया गया था और अब इसे देश की पर्यटन राजधानी के रूप में जाना जाता है।

यह सब श्री नरेंद्र मोदी जी की नीतियों के कारण है। जम्मू-कश्मीर तेजी से विकास कर रहा है। अनुच्छेद 370 की समाप्ति के बाद यहां लोग प्रधानमंत्री को सुनने के लिए बहुत उत्साहित हैं।” इस बीच कई निवासियों ने आरोप लगाया कि मंगलवार को श्रीनगर में कई दोपहिया वाहनों को पुलिस ने जब्त कर लिया और उन्हें सात मार्च के बाद अपने वाहन वापस लेने के लिए कहा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *