गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

उत्तराखंड व नेपाल में वांछित इनामी शातिर गिरफ्तार

रूद्रपुर/नैनीताल : उत्तराखंड की ऊधम सिंह नगर पुलिस ने उत्तर प्रदेश के बीस हजार रुपये इनामी शातिर अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी उत्तराखंड और नेपाल में भी अपराधिक घटनाओं को अंजाम दे चुका है।
ऊधम सिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मंजूनाथ टीसी ने मंगलवार को इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पिछले साल एक फरवरी को ऊधम सिंह नगर के छतरपुर गांव से एक ट्रैक्टर चोरी की घटना प्रकाश में आयी थी। ट्रैक्टर स्वामी हरीश मेहता की ओर से पंतनगर पुलिस को इस मामले में तहरीर सौंपी गयी।
पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू की तो इस प्रकरण में चार लोगों महेश सिंह कोरंगा निवासी उकरौली, थाना सितारगंज, ऊधमसिंह नगर, मनदीप सिंह निवासी धर्मपुर, थाना रूद्रपुर, सुखदेव सिंह उर्फ सुक्खा निवासी ग्राम टमेरा, बिलासपुर, उप्र एवं महेश निवासी लक्ष्मण नगर निकट इंटर कालेज, थाना हजारा, पीलीभीत, उप्र की भूमिका पायी गयी।
पुलिस ने कुछ दिनों के बाद मनदीप, महेश सिंह कोरंगा और सुखदेव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया लेकिन सरगना महेश फरार हो गया। वह तभी से फरार चल रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अदालत गैर जमानती वारंट प्राप्त करने के साथ ही बीस हजार रुपये का ईनाम भी घोषित कर दिया।
इस बीच पुलिस और एसओजी की टीम ने आरोपी की तलाश में कई राज्यों में छापे मारी की लेकिन आरोपी हाथ नहीं आया। इसी दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी मद्रास में छिपा है। एसओजी की टीम ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिये मद्रास में डेरा डाल दिया।
एसओजी टीम को पता चला कि आरोपी मद्रास से दिल्ली आ रहा है तो पुलिस टीम ने निजामुद्दीन स्टेशन पर डेरा डाल दिया और सोमवार यानी चार मार्च को उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को अदालत में पेश करने के साथ ही जेल भेज दिया गया है। मंजूनाथ ने बताया कि आरोपी बेहद शातिर किस्म का अपराधी है और उसने उत्तराखंड के साथ ही नेपाल में भी कई आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *