चंबा : हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के भरमौर में एक बोलेरो जीप के नाले में गिरने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि अन्य एक गंभीर रूप से घायल हो गया है। पुलिस के मुताबिक जनजातीय क्षेत्र भरमौर में रविवार रात बलमुई से हड़सर मार्ग पर एक बोलेरो कार अनियंत्रित होकर सड़क से 25-30 फुट नीचे नाले में जा गिरी। हादसे में गाड़ी चालक राकेश कुमार पुत्र बद्री राम और अश्वनी कुमार पुत्र बहमी राम निवासी हड़सर, भरमौर की मौत हो गई है, जबकि अनिल कुमार निवासी सेरी गांव गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे भरमौर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चंबा मेडिकल कॉलेज स्थानांतरित किया गया है।
पुलिस ने बताया कि तीनों देर रात एक व्यक्ति को हड़सर से बलमुई छोड़ने करने गए थे, इसी दौरान दराटी पुल के नजदीक यह हादसा हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से तीनों घायलों को नाले से बाहर निकाला गया। उधर, पुलिस अधीक्षक चंबा अभिषेक यादव ने बताया कि हड़सर के पास कल रात दुर्घटना में दो लोगों की मौत हुई है। तीनों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल भरमौर लाया गया, जहां दो घायलों ने दम तोड़ दिया, जबकि एक गंभीर घायल है। उन्होंने बताया कि इस बारे में मामला दर्ज कर लिया गया है, दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
नाले में गिरी जीप : दो की मौत, एक घायल
