गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

सलीम गुर्जर गैंग के दो सदस्य गिरफ्तार

जालौन : उत्तर प्रदेशं में जालौन के कुठौंद क्षेत्र में पुलिस ने एक सशस्त्र मुठभेड़ के बाद सलीम गुर्जर गैंग के दो बदमाशों को गिऱफ्तार कर लिया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी राम सिंह ने मंगलवार को बताया कि बीती देर रात एसओजी, सर्विलांस और कुठौंद पुलिस की सलीम गुर्जर गैंग के दो बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में 25000 रुपए के इनामी बदमाश सहित दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। इन घायल बदमाशों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। गिरफ्तार बदमाशों ने एक माह पहले दंपती को गोली मारकर लूटपाट की थी। मुठभेड़ के दौरान इन बदमाशों के पास से पुलिस ने तमंचा कारतूस के साथ लूटे गये आभूषण बरामद किये हैं।
उन्होने बताया कि 18 फरवरी की शाम को कुठौंद थाना क्षेत्र के जालौनी माता मंदिर के पास यमुना पुल पर औरैया से शादी समारोह से लौट रहे एक दंपती को गोली मारकर लूटपाट की गई थी। इस मामले के खुलासे के लिए पुलिस टीम लगी हुई थी। सोमवार को मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि दंपती को गोली मारने वाले बदमाश क्षेत्र में एक बार फिर लूट की फिराक में घूम रहे हैं।
इस सूचना पर एसओजी, सर्विलांस टीम के साथ कुठौंद थाना पुलिस ने जालौनी माता के पास चेकिंग शुरू की, तभी एक मोटरसाइकिल आती हुई पुलिस को दिखाई दी। टीम ने बाइक को रोकने का प्रयास किया, मगर बाइक सवार लोगों ने पुलिस को देख भागने का प्रयास किया। पुलिस के पीछा करने पर बदमाशों ने फायरिंग शुरु कर दी जवाबी कार्रवाई में बदमाशों के पैर में गोली लग गई, जिससे वह बाइक सहित नीचे गिर गए।
गिरफ्तार बदमाश 25 हज़ार रुपए का ईनामी हिस्ट्रीशीटर और सलीम गुर्जर डकैत गैंग का सदस्य रिजवान उर्फ डूंडा उर्फ लूला और अयाना क्षेत्र का निवासी हिस्ट्रीशीटर पंकज उर्फ रंगोली है। रिजवान के खिलाफ औरैया, जालौन, इटावा, कानपुर जनपद के अलग अलग थाना क्षेत्र में 24 मामले दर्ज हैं, जबकि पंकज के खिलाफ जालौन, कानपुर, इटावा, औरैया, फर्रुखाबाद सहित अन्य जनपदों में लूट, गैंगस्टर सहित 28 मामले दर्ज हैं। फिलहाल दोनों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *