चंडीगढ़ : हरियाणा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने मंगलवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को सत्ता में रहने का अधिकार नहीं है और राज्य में राष्ट्रपति शासन लगाकर जल्द चुनाव करवाने चाहिए।
यहाँ जारी बयान में श्री हुड्डा ने कहा कि भाजपा ने जननायक जनता पार्टी (जजपा) से गठबंधन तोड़कर और मुख्यमंत्री बदलकर चुनाव से पहले ही अपनी हार मान ली है। उन्होंने कहा कि इस फैसले से स्पष्ट है कि प्रदेश में विफल गठबंधन की सरकार चल रही थी, जिससे जनता का मोह पूरी तरह भंग हो चुका था। इसलिए अब ठीक चुनाव से पहले मुख्यमंत्री और उप-मुख्यमंत्री बदलने पड़े।
हुड्डा ने कहा कि भाजपा-जजपा गठबंधन किसी नीति या जनहित के लिए नहीं हुआ था। दोनों पार्टियों ने सत्ता सुख भोगने के लिए यह गठजोड़ किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि आज दोनों दलों ने जनता को झांसा देने के लिए गठबंधन तोड़ा है। उन्होंने कहा कि सच्चाई यह है कि जिस समझौते के तहत दोनों पार्टियों ने गठबंधन किया था, उसी समझौते के तहत यह गठबंधन तोड़ा गया है। दोनों दल आज भी अंदरखाने एक ही हैं, लेकिन चुनाव में सत्ता विरोधी वोटों को बांटने के लिए अलग-अलग लड़ने का ड्रामा करेंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री ने दावा किया कि मिलीभगत के इस खेल को हरियाणा की जनता अब समझ चुकी है और काठ की हांडी बार-बार नहीं चढ़ सकती। इस बार लोकसभा चुनाव में जनता भाजपा-जजपा से विश्वासघात का बदला लेगी।
भाजपा को सत्ता में रहने का अधिकार नहीं
