चंडीगढ़ : अनुराग सिंह ठाकुर ने मंगलवार को कहा कि नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) के लागू होने से 70 वर्षों से नागरिकता का इंतजार कर रहे लोगों को फायदा होगा। ठाकुर ने चंडीगढ़ में खेलो इंडिया राइजिंग टैलेंट आइडेंटिफिकेशन (कीर्ति) कार्यक्रम के शुभारंभ के मौके पर समारोह से इतर यह बात कही। उन्होंने कहा कि इस योजना का मूल उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उत्कृष्टता हासिल करने के लिये विशिष्ट एथलीटों के विकास में और वृद्धि करनी है।
उन्होंने कहा विपक्षी गठबंधन पर निशाना साधते हुये विपक्षी दल 70 वर्षों से नागरिकता का इंतजार कर रहे लोगों के अधिकार छीनने के पीछे लगे हैं। उन्होंने सवाल किया कि क्या विपक्षी नेताओं की मानवता मर चुकी है, आखिर उत्पीड़ित शरणार्थी हिंदू परिवार कहां जायेंगे। दिनदहाड़े उनके साथ दुर्व्यवहार होता है, उनकी जबरन शादी और धर्म परिवर्तन करा दिया जाता है।
उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष एवं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इंडिया समूह में अपना अहंकारी रूप दिखाया है। उन्होंने कांग्रेस को नहीं पूछा और न ही कांग्रेस नेता राहुल गांधी के कार्यक्रम में गयीं। बाद में उन्होंने पश्चिम बंगाल की सभी 42 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार दिये। इसी प्रकार, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने वायनाड में अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया। कांग्रेस उत्तर प्रदेश से भी पलायन कर चुकी है।
उन्होंने कहा कि कुछ लोग खुद को देश और देश के कानून से ऊपर समझते हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) संविधान से चलने वाली और संविधान से देश को चलाने वाली पार्टी है। हमारे लिये संविधान सर्वोपरि है। हमने देश की संसद में जो कानून पारित किया उसे अक्षरशः लागू किया है। यह 75 वर्षों में और कोई नहीं कर पाया। पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर नेहरू के दिये जख्मों के कारण जम्मू-कश्मीर में 45 हजार से ज्यादा हत्यायें हुईं। इसके लिये कांग्रेस और पंडित नेहरू दोषी हैं। श्री मोदी ने इस भूल को सुधारा है। आज कश्मीर के लोगों में जागरूकता, खुशहाली और समृद्धि आई है।
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि अगर मोदी सरकार न होती तो अफगानिस्तान में गुरु ग्रंथ साहिब और सिख भाइयों के ऊपर हो रहे अत्याचार से उन्हें कौन बचाता। श्री मोदी ने करतारपुर कॉरिडोर पर पंडित नेहरू की गलती को सुधारा। पहले जो दर्शन दूरबीन से होते थे, वह आज वहां जाकर होते हैं। मोदी सरकार ने हेमकुंड साहब तक की कठिन यात्रा के लिये रोपवे बनाया। राष्ट्रीय राजमार्ग, बुद्ध सर्किट, यह सब आखिर किसने दिये।
ठाकुर ने कहा, “ हमें समझना चाहिये कि आज अगर आस्था और अर्थव्यवस्था दोनों एक साथ प्रगति कर रहे हैं, तो यह सिर्फ मोदी सरकार की देन है। आज सभी आस्था के केंद्रों पर पर्यटन पांच से सात गुना तक बढ़ा है। इससे अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है और रोजगार, स्वरोजगार के अनेक साधन खुले हैं। भारत में ही राम मंदिर निर्माण के लिये 500 वर्षों का इंतजार करना पड़ा, 150 सालों तक मुकदमे लड़ने पड़े। यह मोदी सरकार है, जो अगर किसी कार्य का शिलान्यास करती है, तो उसका उद्घाटन भी करती है। भाजपा ने अपने सभी संकल्पों को सिद्धि तक पहुंचाया है। हमने अनुच्छेद 370 और 35 ए से मुक्ति दिलाने का वादा किया था, तो दिला दिया। आज कश्मीर में शांति एवं खुशहाली है।
यहां उद्योग और पर्यटन को बढ़ावा मिला है। हमने तीन तलाक से मुस्लिम माताओं बहनों को आजादी दिलायी। हमने कहा था भव्य राम मंदिर बनाएंगे, तो राम मंदिर के साथ-साथ सोमनाथ धाम, केदारनाथ धाम, काशी विश्वनाथ धाम, महाकाल लोक और बुद्ध सर्किट इत्यादि बना दिये। हमने कहा था कि हम सीएए लागू करेंगे ताकि अफगानिस्तान, बंगलादेश, पाकिस्तान जैसे पड़ोसी देश में उत्पीड़ित अल्पसंख्यकों को यहां नागरिकता मिल सके।”
ठाकुर ने कहा, “आज मोदी सरकार के नेतृत्व में भारत के लिये कुछ भी असंभव नहीं है। अगर हम विश्व को इंटरनेशनल सोलर एलाइंस, ग्लोबल बायोफ्यूल एलाइंस, इंटरनेशनल बिग कैट एलाइंस, योग और आयुर्वेद में नेतृत्व दे सकते हैं। कोविड का बेहतरीन मुकाबला कर सकते हैं, सफल चंद्रयान मिशन लॉन्च कर सकते हैं, तो खेलो में भी कर सकते हैं।”
उन्होंने कहा, “आज हम देश में 11 लाख 11 हजार 111 करोड़ रुपये पूंजीगत व्यय पर खर्च कर रहे हैं। पिछले वर्ष 10 लाख करोड़ रुपये खर्च किये थे। अगर हम 74 हवाई अड्डों से 150 हवाई अड्डे मात्र 10 वर्षों में बना सकते हैं, सात एम्स से 22 एम्स बना सकते हैं, 380 मेडिकल कॉलेज से 700 मेडिकल कॉलेज बना सकते हैं, 1100 यूनिवर्सिटी बना सकते हैं, 3.20 लाख किलोमीटर ग्रामीण सड़कों के साथ 3.75 लाख नयी ग्रामीण सड़क जोड़ सकते हैं, 96 हजार किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्ग से डेढ़ लाख किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्ग बना सकते हैं, रिकॉर्ड समय में द्वारका एक्सप्रेस-वे बना सकते हैं, तो ओलंपिक क्या बात है? ओलंपिक का भी ऐसा भव्य आयोजन करेंगे, जैसा जी-20 को दुनिया ने याद रखा। ”
