गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

खड़गे ने भाजपा सरकार पर हमला बोला

मुंबई : मल्लिकार्जुन खड़गे ने रविवार को केंद्र की सत्तारूढ़ नरेंद्र मोदी सरकार की कड़ी आलोचना की और उन पर पूरे देश में लोकतंत्र को बर्बाद करने और प्रवर्तन निदेशालय, आयकर, सीबीआई जैसी केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया।
मध्य मुंबई के दादर स्थित शिवाजी पार्क में एक सार्वजनिक रैली को संबोधित करते हुए श्री खड़गे ने आरोप लगाया, “वे आरक्षण रद्द करना चाहते हैं। ये बाबासाहेब अंबेडकर की कर्मभूमि है, भाजपा-आरएसएस हमारे संविधान को बदलने के लिए लोकसभा में 400 सीटें मांग रहे हैं।”
उन्होंने दावा किया कि एक तरफ, कांग्रेस पार्टी के 12 खाते सील कर दिए गए और 300 करोड़ रुपये जब्त कर लिए गए, वहीं दूसरी तरफ, भाजपा ने अपने खाते में अवैध रूप से 6,000 करोड़ रुपये से ज्यादा जमा कर लिया।
उन्होंने सवाल किया “‘ये कैसा लोकतंत्र है’?” उन्होंने तंज कसते हुए कहा, ‘अपने सुना तो होगा कि 10 वर्षों में पहली बार मोदीजी को ये देश अपना परिवार लग रहा है। लेकिन मोदीजी का असली परिवार कौन है, यह दान देने वाली कंपनियों के नामों की सूची से पता चलता है।’
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा “मुंबई से मैं कहना चाहूंगा कि मोदी सरकार का जाना अब तय है। उनके खोखले नारे 2003-04 में इंडिया शाइनिंग के नारों की तरह ही धराशायी होने वाले हैं। 20 साल बाद इतिहास खुद को दोहरा रहा है और यह काम हमारे गठबंधन को मजबूत करेगा।”
उन्होंने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को देश का एकमात्र ऐसा व्यक्ति बताया, जिन्होंने कन्याकुमारी से कश्मीर और मणिपुर से मुंबई तक पूरे देश की यात्रा की है, लोगों से मुलाकात की है, उनकी समस्याएं सुनी हैं और उनके मुद्दे उठाए हैं। उन्होंने कहा कि कि राहुल जी, हमें आप पर गर्व है। उन्होंने इंडी ब्लॉक के दोस्तों को धन्यवाद दिया कि वे चुनावी कार्यक्रमों के बावजूद रैली में शामिल होने के लिए मुंबई आए।
उन्होंने कहा कि “प्रत्येक नागरिक को भारत की आर्थिक राजधानी मुंबई पर गर्व है। मुंबई कांग्रेस के लिए बहुत खास है क्योंकि हमारे संगठन का जन्म यहां 1885 में हुआ था। 1942 में भारत छोड़ो आंदोलन प्रस्ताव भी यहीं पारित किया गया जिसने औपनिवेशिक शासकों को देश छोड़ने पर मजबूर कर दिया।”
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की दोनों यात्राओं में कांग्रेस की विचारधारा के साथ-साथ गांव, गरीब, किसान, मजदूर, दलित, आदिवासियों, महिलाओं और युवाओं के अधिकारों पर चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान राहुल जी और कांग्रेस पार्टी ने अलग-अलग स्थानों पर पांच न्याय गारंटी की घोषणा की, जिसमें किसानों, युवाओं, महिलाओं, मजदूरों और बटाईदारों को न्याय की गारंटी दी गई है।
खड़गे ने कहा कि इन सभी न्यायों में 5-5 गारंटी हैं और कुल मिलाकर 25 गारंटी हैं, जिन्हें हम अपनी सरकार बनने पर पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि इनमें जाति जनगणना कराने, गरीब परिवार की महिला मुखिया को 8,500 रुपये प्रति माह देने और श्रमिकों के लिए न्यूनतम मजदूरी 400 रुपये निर्धारित करने की गारंटी भी शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *