गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

जालंधर में दो तस्कर गिरफ्तार, अफीम बरामद

जालंधर : पंजाब के जालंधर में पुलिस ने दो किलोग्राम अफीम के साथ एक महिला सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस आयुक्त स्वपन शर्मा ने सोमवार को बताया कि कमिश्नरेट पुलिस ने नशे की समस्या पर लगाम कसने के लिये सख्ती कर दी है। उन्होंने कहा कि इसके तहत मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल अपराधियों को पकड़ने के लिये पूरे शहर में सुरक्षा बढ़ा दी गयी है। उन्होंने कहा कि पुलिस की एक टीम लहरोइया गुरुद्वारा साहिब, 120 फुट रोड, सूर्या एन्क्लेव जालंधर के पास तैनात थी। गश्त के दौरान पुलिस पार्टी ने दो व्यक्तियों को काजी मंडी की ओर से आते देखा। उन्होंने कहा कि उनकी गतिविधि पर संदेह होने पर पुलिस ने उनकी पहचान के बारे में पूछताछ की और गहन तलाशी ली।
श्री शर्मा ने कहा कि तलाशी के दौरान पुलिस ने दोनों अपराधियों के पास से एक-एक किलोग्राम, कुल दो किलोग्राम अफीम बरामद की, जिनकी पहचान बलवंत कुमार पुत्र केदार सिंह निवासी गांव डूब बरवियां, पनकी पलामू झारखंड और बिमली देवी पत्नी आनंद कुमार गुप्ता रोहताज निवासी सासाराम पांकी, पलामू झारखंड के रूप में हुई है।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुये दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और उनके खिलाफ थाना रामा मंडी जालंधर में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस को अभी तक गिरफ्तार दोनों आरोपियों की कोई आपराधिक पृष्ठभूमि का पता नहीं चल पाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *