कपिल शर्मा | गौरवशाली भारत
नारनौल। शहर में नया बाजार स्थित एबीएम सीनियर सेकेंडरी स्कूल में रविवार को एसोसिएशन सोसाइटी की महिलाओं ने तृतीय फाल्गुन महोत्सव पर रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम आयोजक तन्वी गौतम की अध्यक्षता में आयोजित इस फागोत्सव में मुख्य अतिथि स्वरूप नगर पालिका पूर्व अध्यक्ष भारती सैनी शामिल हुई। विशिष्ट अतिथि स्वरूप एवं मेज़बानी में नीतू चौधरी, रेखा गौतम, चमन हरित, उपासना शर्मा, सुनीता सोनी और निशा राव ने मुख्य अतिथि का अभिनंदन करते हुए पुष्प मालाओं से उनका स्वागत किया।
कार्यक्रम के शुभारंभ में महिलाओं ने सर्वप्रथम भगवान श्याम को गुलाल लगाया। महिलाओं ने फाग गीत गाते झुमते हुए अबीर गुलाल व फूलों से आपस में होली खेलकर सोसाइटी में आपसी प्रेम व्यवहार और भाईचारे का संदेश दिया। फागोत्सव में महिला समूह ने सभी को होली पर्व की अग्रिम शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। प्रतिस्पर्धा में विजेताओं को कार्यक्रम आयजक द्वारा पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
तृतीय फाल्गुन महोत्सव में सोसाइटी की महिलाओं ने अलग-अलग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां पेश की। जिसमें एकल लोक नृत्य एवं समूह लोक नृत्य के अलावा सामुहिक महिला संगीत, भजन, गजल सहित नाटक कला के जरिये खूब मनोरंजन के साथ फागोत्सव मनाया। इस तृतीय फाल्गुन महोत्सव में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं मेंं सोसाइटी की पचास से अधिक महिलाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। किसी ने भंगड़े से राजस्थानी गीतों और किसी ने बॉलीवुड गानों पर नृत्य प्रस्तुति दी। इस अवसर पर राजस्थान से आए लोक कलाकारों ने ढप और झांझ बजाकर व धमाल गीत गाकर दर्शकों को मंत्र मुग्द किया और सभी को नाचने झूमने पर मजबूर कर दिया।
सोसाइटी में आयोजित तृतीय फाल्गुन महोत्सव कार्यक्रम के समापन में सभी के लिए ठंडाई एवं जलपान भोजन में मीठे वयंजन की वयवस्था की गई। साथ ही आयोजक द्वारा तृतीय फाल्गुन महोत्सव कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए धन्यवाद ज्ञापन सहित रंगों की थाली के साथ सभी महिलाओं को होलिका पावन पर्व उपलक्ष्य अशेष, अनंत सुख समृद्धि की शुभकामनाएं दी।
