गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

सिरसा लोस क्षेत्र में 19 लाख 24 हजार 244 मतदाता

सिरसा : हरियाणा में सिरसा लोकसभा क्षेत्र में 19 लाख 24 हजार 244 मतदाता पंजीकृत हैं जो आने वाले चुनाव में उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। इस संसदीय क्षेत्र के तहत कुल नौ विधानसभा क्षेत्र आते हैं। इनमें सिरसा में पांच, फतेहाबाद की तीन व जींद का एक विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं।
चुनाव आयोग की हिदायत अनुसार लोकसभा चुनाव में प्रत्याशी 95 लाख रुपए तक खर्च कर सकता है। प्रत्याशी को अपना नामांकन भरने से पहले किसी भी राष्ट्रीयकृत बैंक में एक नया खाता खुलवाना होगा।
जिलाधीश आर के सिंह ने उपरोक्त जानकारी देते हुए बताया कि अपराध प्रक्रिया संहिता 1973 की धारा 144 के तहत चुनावी पम्पलेट व पोस्टर आदि छपवाने के संबंध मेेंनिषेधाज्ञा लागू की है। आदेशों में कहा गया है कि जनप्रतिनिधि अधिनियम 1951 की धारा 127 ए के प्रावधानों के अनुसार प्रकाशक व मुद्रक के नाम व पता के बिना प्रचार सामग्री नहीं छपवाई जा सकती।
जिला निर्वाचन अधिकारी आर.के सिंह ने इससे पहले अधिकारियों की आयोजित बैठक में बताया कि प्रकाशक को न केवल अपनी पहचान देनी होगी बल्कि हस्ताक्षर के साथ उन दो लोगों से सत्यापन भी कराना होगा जो उसे व्यक्तिगत रूप से जानते हो। अगर पम्पलेट अथवा पोस्टर राज्य की राजधानी में छापा जाता है तो मुद्रक को एक तर्क संगत समय में छापे गये कागजात की प्रति मुख्य चुनाव अधिकारी को भेजनी होगी। यदि जिला में छपाई की जाती है तो उस स्थिति में कागजात की प्रति जिला मैजिस्ट्रेट को प्रेषित करनी होगी। इसी प्रकार से अगर प्रकाशित किये गये पोस्टर अथवा पंपलेट की फोटो प्रतियां की जाती है तो उसे छपाई की श्रेणी में ही शामिल किया जायेगा। बशर्ते वह हाथ से न लिखी गई हो। उन्होंने बताया कि प्रिंटिंग प्रेस द्वारा आदेशों की उल्लंघना करने पर आईपीसी की धारा 188 के तहत कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान मीडिया की अहम भूमिका होती है। लोगों तक प्रशासन बात पहुंचाने, आमजन की राय जानने व उनको प्रेरित करने के लिए मीडिया महत्वपूर्ण माध्यम है। प्रशासन की ओर से मीडिया से अपेक्षा रहेगी कि वे लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करें और नागरिकों को अफवाहों से दूर रहने के लिए जागरुक करें। चुनाव से जुड़ी किसी प्रकार की गतिविधि या आदर्श आचार संहिता की उल्लंघना होती है, तो उस बारे भी मीडिया प्रशासन को अवगत करवाएं।
उन्होंने बताया कि 1950 एक टोल फ्री नंबर भी शुरू किया गया है, जिस पर कोई भी व्यक्ति चुनाव से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी ले सकता है तथा चुनाव से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत भी दर्ज करवा सकता है।
बैठक में सिरसा के पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण, डबवाली के पुलिस अधीक्षक सुमेर सिंह, अतिरिक्त उपायुक्त डा. विवेक भारती, एआरओ ऐलनाबाद डा. वेद प्रकाश बेनीवाल, एआरओ सिरसा राजेंद्र कुमार, एआरओ डबवाली अभय सिंह, एआरओ कालांवाली सुरेश रावेश, एआरओ रानियां सुरेश कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *