रतलाम : मध्यप्रदेश कांग्रेस के एक और पूर्व विधायक ने आज पार्टी को अलविदा कह दिया और मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की उपस्थिति में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। रतलाम जिले के आलोट से कांग्रेस के पूर्व विधायक मनोज चावला एवं कांग्रेस नेता प्रमोद गुगलिया भाजपा में शामिल हो गए। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने दोनों का पार्टी में स्वागत किया।
डॉ यादव आज झाबुआ-रतलाम संसदीय सीट के प्रवास पर हैं। इस दौरान वे रतलाम और झाबुआ जिले के राणापुर में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने वाले हैं। इसके पहले श्री चावला ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी को पत्र भेज कर कांग्रेस की अपनी सदस्यता से इस्तीफा दे दिया।
उन्होंने पार्टी छोड़ने के पीछे व्यक्तिगत कारणों का हवाला दिया है। उनका ये त्यागपत्र सोशल मीडिया पर वायरल भी हो रहा है। इसके पहले कांग्रेस के कई पूर्व विधायक पार्टी छोड़ कर भाजपा में शामिल हो चुके हैं, जिसमें मालवा अंचल के विधायक संजय शुक्ला और विशाल पटेल का नाम प्रमुख है।
