गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

केजरीवाल गिरफ्तारी: प्रदर्शन में आप नेताओं व पुलिस के बीच धक्का मुक्की

सिरसा : अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में आहूत राज्य व्यापी प्रदर्शन के दौरान मंगलवार को हरियाणा के सिरसा में आप नेताओं व पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हुयी। आप के जिलाध्यक्ष हैप्पी रानियां व पार्टी के नेता कुलदीप गदराना के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता प्रदर्शन करते हुए भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय का घेराव करने पहुंचे। आप के प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यालय का घेराव करने जा रहे आप कार्यकर्ता तथा पुलिस के बीच धक्का-मुक्की देखी गयी। इसे देखते हुए भाजपा कार्यालय के इर्द-गिर्द भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। कार्यालय को जाने वाले सभी मार्गों पर बैरिकेड लगाकर मार्गाें को अवरुद्ध किया गया था।
आप के कार्यकर्ता प्रदर्शन व नारेबाजी करते हुए भाजपा कार्यालय के करीब पहुंचे और वहां लगाए गए बैरिकेड को पार करते हुए भाजपा कार्यालय में पहुंचने की कोशिश की। मगर पुलिस ने इसका विरोध करते हुए प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की और इस दौरान आप कार्यकर्ता व पुलिस कर्मियों के बीच काफी धक्का-मुक्की हुई। मौके पर महिला पुलिस न होने से आंदोलनकारी आप की महिलाओं को पुलिस के जवानों ने धक्के मार मार कर पीछे किया जिसका आपके नेताओं ने विरोध किया। इसके बाद पुलिस आंदोलनकारी कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर बड़ागुड़ा थाना ले गई।
हिरासत में लिये गए नेताओं में श्री कुलदीप गदराना, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य वीरेंद्र कुमार, जिला सचिव शाम मेहता, पूनम गोदारा, राजेश मालिक, सुरजीत बेगू, अनिल चंदेल, हंस राज सामा आदि शामिल थे। इस दौरान आप कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार की तानाशाही के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
जिला अध्यक्ष हैप्पी रानियां ने कहा कि भाजपा की तानाशाही का खात्मा आप और श्री अरविंद केजरीवाल करेंगे।उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा चुनाव से ठीक पहले श्री केजरीवाल को गिरफ्तार करना भाजपा की तानाशाही है और भाजपा देश को तानाशाही शासन की ओर ले जा रही है।
श्री गदराना ने कहा कि श्री केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में जब आप के कार्यकर्ता मुख्यमंत्री नायब सैनी के आवास का घेराव करने गए तो पुलिस ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे आप के कार्यकर्ताओं पर बर्बरतापूर्ण कार्रवाई की जो देश के लोकतंत्र के लिए बेहद निंदनीय है। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई में आम आदमी पार्टी के 55 कार्यकर्ताओं को गंभीर चोटें आईं जिनको कुरुक्षेत्र के सिविल अस्पताल में दाखिल करना पड़ा। पुलिस ने भाजपा के इशारे पर कार्रवाई करते हुए कार्यकर्ताओं और नेताओं के सिर पर जानलेवा वार किए, किसी का पैर तोड़ दिया, तो किसी के हाथ में फ्रेक्चर कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *