गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

कांग्रेस विधायक कमलेश शाह भाजपा में शामिल

भोपाल : मध्यप्रदेश की चर्चित छिंदवाड़ा संसदीय सीट कांग्रेस से छीनने की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की रणनीति के बीच आज कांग्रेस विधायक कमलेश शाह यहां भाजपा में शामिल हो गए। छिंदवाड़ा संसदीय क्षेत्र के तहत आने वाले अमरवाड़ा से कांग्रेस विधायक श्री शाह भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश लोकसभा चुनाव प्रभारी डॉ महेंद्र सिंह और राज्य सरकार के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हुए।
प्रदेश भाजपा के अनुसार श्री कमलेश शाह की पत्नी एवं हरई नगरपालिका की पूर्व अध्यक्ष श्रीमती माधवी शाह और उनके कुछ अन्य समर्थक भी भाजपा में शामिल हुए। भाजपा नेताओं ने श्री शाह और उनके साथ आने वाले अन्य कार्यकर्ताओं को केसरिया दुपट्टा पहनाकर उनका स्वागत किया।
छिंदवाड़ा कांग्रेस का गढ़ माना जाता है और वरिष्ठ नेता कमलनाथ और उनका परिवार इस अंचल का लगातार प्रतिनिधित्व करता आ रहा है। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस मध्यप्रदेश में सिर्फ छिंदवाड़ा सीट ही जीतने में सफल रही थी। उस समय श्री कमलनाथ के पुत्र नकुलनाथ विजयी हुए थे। शेष 28 सीटों पर भाजपा ही जीत दर्ज कराने में सफल रही थी।
भाजपा इस बार छिंदवाड़ा सीट भी पार्टी की झोली में डालने की रणनीति के साथ कार्य कर रही है। उसने कांग्रेस प्रत्याशी नकुलनाथ के खिलाफ विवेक बंटी साहू को एक बार फिर से मैदान में उतारा है और पूरा संगठन भी चुनावी तैयारियाें में जुटा है। छिंदवाड़ा संसदीय क्षेत्र के अनेक कांग्रेस नेता हाल के दिनों में भाजपा में आ चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *