सुकमा : छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में आज सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में एक माओवादी मारा गया। पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण ने बताया कि जिला रिजर्व पुलिस व कोबरा बटालियन के जवान सुबह सर्चिंग पर निकले थे, इसी दौरान जब वे टेटमड़गु के पास पहुंचे, तभी घात लगाए नक्सलियों ने पुलिस बल पर गोलीबारी शुरू कर दी। जवानों के द्वारा नक्सलियों को मुंहतोड़ जवाब दिया गया। मुठभेड़ में जवानों ने एक माओवादी को मार गिराया। श्री चव्हाण ने बताया कि मौक़े से हथियार व भारी मात्रा में नक्सल सामग्री बरामद की गई है। छानबीन अभियान अब भी जारी है।
