गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

आदि कैलाश, ओम पर्वत के लिये अब हेली सेवा शुरू

पिथौरागढ़/नैनीताल : उत्तराखंड पर्यटन विकास बोर्ड की ओर से पर्यटकों के लिये आदि कैलाश और ओम पर्वत के लिये हेली पर्यटन सेवा शुरू की गयी है। इस सेवा का शुभारंभ सोमवार को पिथौरागढ़ में किया गया। इस योजना के तहत चीन सीमा से सटे आदि कैलाश, ज्योलिकोंग और ओम पर्वत के दर्शन हेली सेवा से कराया जा रहा है। इसके लिये बोर्ड ने सिद्धार्थ एविएशन, कुमाऊं मंडल विकास निगम के साथ ही ‘ट्रिप टू टैम्पल’ से करार किया है।
आज एमआई-17 हेलीकाप्टर से गुुजरात, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, ओड़िशा, दिल्ली और हरियाणा के 16 पर्यटकों को हेली सेवा से प्रसिद्ध आदि कैलाश, ज्योलिकोंग और ओम पर्वत के दर्शन कराये गये। इस सेवा के शुरू होने से पर्यटकों में खासा उत्साह देखा गया।
पिथौरागढ़ के जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति चंद्र आर्य ने बताया कि आगामी 15 मई से यात्रा को विस्तार किया जाएगा। इसके तहत पर्यटकों को पांच दिन का एक विशेष पैकेज दिया जायेगा। इस योजना के तहत पर्यटकों को पहले दिन दिल्ली से पिथौरागढ़ की यात्रा सड़क मार्ग से करायी जायेगी। शेष चार दिन की यात्रा हेलीकॉप्टर से करायी जायेगी। यात्रा के दूसरे दिन पिथौरागढ़ से गुंजी ले जाया जायेगा। तीसरे दिन गुंजी से ज्योलिकोंग और यहां पार्वती सरोवर, शिव पार्वती मंदिर और आदि कैलाश के दर्शन कराने के बाद हेलीकाप्टर से वापस गुंजी लाया जायेगा।
चौथे दिन गुंजी से नाबीढांग की सैर करायी जायेगी। यहां ओम पर्वत के दर्शन होंगे। इस दौरान पर्यटकों को नाबी, गुंजी और नपलच्यू में होमस्टे में ठहराया जायेगा। पांचवें और अंतिम दिन पर्यटकों को गुंजी से पिथौरागढ़ लाया जायेगा। एक दिन में हेली की छह शॉर्टी होंगी। पर्यटक इस यात्रा का आनंद उठाने के लिये ट्रिप टू टैम्पल की वेबसाइट पर पंजीकरण करा सकते हैं। यह यात्रा 10 मई तक संचालित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *