गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

राहुल पर कंगना का जोरदार जुबानी हमला

मंडी : हिमाचल प्रदेश के मंडी संसदीय क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी एवं बॉलीवुड स्टार कंगना रनौत ने सोमवार को मंडी में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर जोरदार जुबानी हमला बोला है। कंगना ने भीमाकाली मंदिर सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि राहुल गांधी को लोकतंत्र की परिभाषा मालूम नहीं है। उन्होंने कहा कि श्री राहुल गांधी किस लोकतंत्र की हत्या की बात कर रहे हैं। हम लोकतंत्र में रहकर ही चुनाव लड़ रहे हैं और इसे ही असली लोकतंत्र कहते हैं।
वहीं, इस दौरान कंगना ने कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत द्वारा उनके ऊपर की गई टिप्पणी पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। कंगना ने कहा कि कांग्रेस नेत्री सुप्रिया श्रीनेत के बयान पर ज्यादा कुछ कहने की जरूरत नहीं है। इसको लेकर मंडी संसदीय क्षेत्र के मतदाता खुद वोट के माध्यम से कांग्रेस को करारा जवाब देंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेत्री के इस बयान से मंडी के लोग आहत हुए हैं।
इसके अलावा कंगना ने कहा कि मंडी संसदीय क्षेत्र के नेताओं और पदाधिकारियों से परिचय किया है। कंगना ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में भाजपा चारों लोकसभा क्षेत्रों से ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी।
अभिनेत्री कंगना कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने पार्टी कार्यालय पहुंची। कंगना मंडी में पार्टी मीटिंग के लिए पहुंची। इस दौरान उनका जोरदार स्वागत किया गया। इससे अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रतिपक्ष के नेता जयराम ठाकुर भी मौजूद रहे।
कंगना और श्री जयराम ठाकुर भाजपा पदाधिकारियों की बैठक में शामिल हुए। कंगना और श्री जयराम ठाकुर के साथ भाजपा नेता मंडी में भीमाकाली मंदिर परिसर पहुंचे।
कंगना ने भीमाकाली मंदिर में पूजा की। गौरतलब है कि कंगना मंडी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रही हैं। हिमाचल प्रदेश की सभी चार संसदीय सीटों पर एक जून को मतदान होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *