नई दिल्ली : वर्ष 2024 के अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारी के 75 वें दिन का महोत्सव रविवार को महाराष्ट्र के पुणे में होगा और इसमें पांच हजार से अधिक प्रतिभागियों के हिस्सा लेने की संभावना है। केंद्रीय आयुष मंत्रालय ने शुक्रवार को यहां बताया कि महोत्सव में ग्राम प्रधानों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा कार्यकर्ताओं एवं स्वयं सहायता समूहों, आयुष स्वास्थ्य और कल्याण केंद्रों, आवासीय कल्याण संघों (आरडब्ल्यूए), महिला कल्याण संगठनों, स्कूली बच्चों और अन्य व्यक्तियों की सक्रिय भागीदारी होगी।
इस उत्सव में प्रतिष्ठित व्यक्तियों, योग गुरुओं, प्रशिक्षकों, योग एवं संबद्ध विज्ञान के विशेषज्ञों और संस्थानों के प्रमुखों की उपस्थिति भी रहेगी। योग महोत्सव का मूल उद्देश्य स्वास्थ्य और जन कल्याण के लिये योग को व्यापक प्रचार और प्रसार देना है ताकि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय दोनों स्तरों पर अधिकतम लोग लाभान्वित हो सकें। आईडीवाई 2024 के 75वें दिन की उलटी गिनती भी विश्व स्वास्थ्य दिवस के साथ है जो सात अप्रैल को है।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस हर वर्ष 21 जून को मनाया जाता है। इस वर्ष भी, लोगों को योग के लाभों के बारे में जागरूक करने और समग्र स्वास्थ्य के संदेश को फैलाने के लिए 13 मार्च को 100 दिनों की उलटी गिनती शुरू की गयी थी।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारी का 75 दिन का समारोह पुणे में
