गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

कांग्रेस तेलंगाना से लोकसभा चुनाव अभियान का आगाज करेगी

हैदराबाद : कांग्रेस पार्टी शनिवार शाम को रंगा रेड्डी जिले के थुक्कुगुडा में होने वाली ‘जन जातरा’ भव्य सार्वजनिक बैठक के साथ तेलंगाना में अपने लोकसभा चुनाव अभियान की शुरुआत करने के लिए पूरी तरह से तैयार है।
तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी (टीपीसीसी) ने इस आयोजन के लिए व्यापक व्यवस्था की है जिसमें 60 एकड़ में फैला एक सामुदायिक हॉल और 300 एकड़ में पार्किंग सुविधाएं हैं। बैठक के लिए तीन मंच बनाए गए हैं, जिसमें कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और अन्य मंत्रियों के मुख्य मंच की शोभा बढ़ाने की उम्मीद है। महाकुटमी गठबंधन और कांग्रेस के नेता दूसरे मंच को साझा होंगे जबकि तीसरा मंच सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए समर्पित किया गया है।
मुख्य मंच से भीड़ के बीच तक 200 मीटर लंबा रैंप बनाया गया है, जहां श्री गांधी मुख्य अतिथि के रूप में सभा को संबोधित करेंगे। महिलाओं के लिए अलग दीर्घाएं बनायी गई हैं, जिसमें अनुमानित दस लाख लोगों की उपस्थिति का अनुमान है। शुष्क मौसम की स्थिति से निपटने के लिए पानी और छाछ के पैकेट वाले विशेष स्टॉल भी लगाए गए हैं।
बैठक के दौरान कांग्रेस का राष्ट्रीय घोषणा पत्र तेलुगू में जारी किया जाएगा। घोषणापत्र में तेलंगाना से संबंधित 23 बिंदु शामिल हैं जिसमें मेदाराम और पलामुरू रंगारेड्डी परियोजना को राष्ट्रीय दर्जा देने का वादा किया गया है। इसके अलावा, यह काजीपेट में एक रेलवे कोच फैक्ट्री की स्थापना और पांच मंडलों को तेलंगाना में फिर से एकीकृत करने का वादा करता है जिन्हें राज्य विभाजन के दौरान आंध्र प्रदेश में विलय कर दिया गया था। पार्टी सूत्रों के मुताबिक श्री रेड्डी उपस्थित लोगों को पहले 100 दिनों में कांग्रेस की उपलब्धियों के बारे में बताएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *