गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में आप नेता करेंगे उपवास

चंडीगढ़ : अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी और भारतीय जनता पार्टी की तानाशाही के खिलाफ आप नेता और कार्यकर्ता पंजाब में सात अप्रैल को एक दिन का उपवास कार्यक्रम करेंगे।
शनिवार को चंडीगढ़ पार्टी मुख्यालय में मीडिया को संबोधित करते हुए आप विधायक दिनेश चड्ढा ने यह जानकारी देते हुए कहा कि यह उपवास भारत के लोकतंत्र को बचाने के लिए रखा जाएगा। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता और नेता पूरे पंजाब के जिला मुख्यालय के पास भूख हड़ताल करेंगे। वही इस लड़ाई को और मजबूत बनाने के लिए खटकड़ कला में एक दिन का उपवास रखा जाएगा। वहां पार्टी के सभी विधायक एक दिन के उपवास में हिस्सा लेंगे। पंजाब के मुख्यमंत्री इंकलाबी भगवंत सिंह मान भी उपवास कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। उन्होंने पंजाब के लोगों से अपील की कि लोकतंत्र को बचाने की इस लड़ाई में ज्यादा से ज्यादा संख्या में हिस्सा लेकर भाजपा की तानाशाही को करारा जवाब दें।
श्री चड्ढा ने केंद्र की भाजपा सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि जानबूझकर विपक्ष के नेताओं को जेल में डाला जा रहा है ताकि चुनाव में भाजपा के खिलाफ कोई प्रचार न कर सकें। वहीं आम आदमी पार्टी के सारे नेताओं पर खास तौर पर निशाना साधा जा रहा है क्योंकि आम आदमी पार्टी भाजपा को सबसे ज्यादा टक्कर दे रही है। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल को सिर्फ इस वजह से जेल में डाला गया क्योंकि वह भाजपा के खिलाफ सबसे ज्यादा तगड़े तरीके के साथ आवाज उठाते हैं। भाजपा आप नेताओं को जेल भेजकर हमारे हौसले तोड़ना चाहती है। हमारे राज्यसभा सांसद संजय सिंह, मनीष सिसोदिया और सत्येन्द्र जैन को जेल में डाला गया और उनके हौसले लगातार तोड़ने की कोशिश की गई। एक-एक कर आम आदमी पार्टी के नेताओं को जेल में डालकर हमें डराने की कोशिश की जा रही है।
मीडिया को संबोधित करते हुए आप के प्रवक्ता बब्बी बादल ने कहा कि उपवास कार्यक्रम कल सुबह 11 बजे से शुरू होगा। उन्होंने कहा कि हमने भूख हड़ताल करने का फैसला इसलिए किया है क्योंकि भूख हड़ताल आम आदमी का हथियार है। उन्होंने कहा कि उपवास के दौरान हम बसें और सड़क नही रोकेंगे एवं आम लोगों के दैनिक जीवन को प्रभावित नहीं करेंगे, हम सिर्फ अपने शरीर को कष्ट पहुंचाएंगे।
इस अवसर पर आप नेता बिक्रमजीत पासी ने कहा कि श्री संजय सिंह की जमानत ने स्पष्ट कर दिया कि ईडी ने बिना किसी ठोस सबूत के हमारे नेताओं को परेशान करने के लिए भाजपा के इशारे पर गिरफ्तार किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *