भुवनेश्वर : लेखाश्री सामंतसिंघर ने रविवार को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया और बीजू जनता दल ( बीजद) का दामन थाम लिया। सुश्री सामंतसिंघर ने इस्तीफा देने के बाद कहा,‘‘ मैंने पिछले 10 वर्षों से भाजपा के लिए पूरी ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ काम किया, लेकिन कड़ी मेहनत के बावजूद मैं पार्टी नेतृत्व का विश्वास नहीं जीत सकीं।”
उन्होंने कहा कि उन्हें एहसास हुआ कि पार्टी में उनकी कोई जगह नहीं है और उन्होंने सुबह इस्तीफा दे दिया और कुछ घंटों बाद वह बीजद में शामिल हो गईं। शनिवार को पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री रघुनाथ मोहंती ने भाजपा से इस्तीफा दे दिया।श्री मोहंती ने वर्ष 2019 में विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए पार्टी का टिकट नहीं मिलने के बाद बीजद से इस्तीफा दे दिया था और भाजपा में शामिल हो गए थे।
उन्होंने भाजपा के टिकट पर बस्ता विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा लेकिन चुनाव हार गए। श्री मोहंती 1990 से 2009 तक लगातार पांच बार बस्ता विधानसभा क्षेत्र से चुने गए। अपने लंबे राजनीतिक जीवन के दौरान, उन्होंने पंचायती राज, कानून, उद्योग और खान जैसे कई महत्वपूर्ण मंत्री पद संभाले।
ओडिशा में भाजपा की वरिष्ठ नेता बीजद में शामिल
