ऊना : हिमाचल में जिला मुख्यालय के समीपवर्ती सोमभद्रा नदी में अवैध खनन के मामले को लेकर लगातार चल रहे गतिरोध के बीच सोमवार को स्थानीय विधायक सतपाल सिंह सत्ती बड़ी संख्या में भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ नदी में उतर गए। भाजपा नेता व कार्यकर्ता ने इस दौरान अवैध खनन को लेकर कांग्रेस सरकार के खिलाफ नारेबाजी की एवं प्रदर्शन किया।
श्री सत्ती ने नदी में खनन माफिया द्वारा किए गए कई फुट गहरे गड्ढे दिखाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू अवैध खनन को खत्म करने की दुहाई देते हैं। अब श्री सुक्खू बताएं कि अवैध खनन की जो मुंह बोलती तस्वीर उन्हें हम दिखा रहे हैं, उस पर मुख्यमंत्री क्या कार्रवाई करेंगे।
श्री सत्ती ने कहा कि अवैध खनन माफिया स्थानीय कांग्रेस नेता के संरक्षण में लगातार नदी नालों को छलनी करते जा रहा है। उन्होंने कहा कि उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री नेता प्रतिपक्ष रहते हुए अवैध खनन पर लगातार बयान बाजी करते रहे हैं, लेकिन अब उनकी भी बोलती बंद हो चुकी है। इस मौके पर विधायक के साथ नदी में उतरे कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कांग्रेस सरकार और खनन माफिया के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदेश में सरकार चाहे किसी की भी हो लेकिन अवैध खनन का मुद्दा सदा बहार रहा है। जिला से एकमात्र भाजपा विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने सोमवार को अवैध खनन की गतिविधियों से पर्दा उठाने के लिए खुद दर्जनों भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ सोमभद्रा नदी में दस्तक दे डाली। श्री सत्ती ने नदी में अवैध खनन माफिया द्वारा किए गए कई फुट गहरे गड्ढे भी दिखाएं यहां तक की भाजपा के कार्यकर्ता इन गड्ढों में उतरकर उनकी गहराई नापते भी दिखाई दिए।
इस मौके पर विधायक ने आरोप लगाया कि मौजूदा कांग्रेस सरकार के संरक्षण में अवैध खनन माफिया पूरी तरह बेलगाम हो चुका है। उन्होंने सीधे तौर पर अपने प्रतिद्वंद्वी और पूर्व विधायक सतपाल रायजादा पर भी निशाना साधा और कहा कि यह उनके अपने ही गांव में नदी की दुर्दशा की तस्वीरें हैं। खनन माफिया को लेकर शोर मचाने वाले पूर्व विधायक बताएं कि अब उनके ही गांव में कौन नदी की यह हालत कर गया और उन्हें कानों कान खबर तक न हुई।
उन्होंने कहा कि पिछले डेढ़ साल से प्रदेश की सरकार खनन माफिया पर नकेल कसने के दावे करते जा रही है लेकिन मुख्यमंत्री यहां आए और जाकर देखें खनन माफिया ने किस तरह नदी नालों को छलनी किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अवैध खनन की जो तस्वीर यहां से दिखाई हैं, अब मुख्यमंत्री को यह तय करना होगा कि इस माफिया पर वह किस तरह की कार्रवाई करते हैं।
उन्होंने कहा कि अभी तो केवल मात्र दिन के समय वह निरीक्षण करने यहां पर पहुंचे है, लेकिन रात को भी यहां पर दबिश दी जाएगी और अवैध खनन में संलिप्त लोगों को पकड़ कर पुलिस के हवाले किया जाएगा। यदि पुलिस इस मामले पर कोई कार्रवाई नहीं करेगी तो भाजपा को खुद इस मामले में पहल करनी होगी।
अवैध खनन माफिया को लेकर कांग्रेस सरकार के खिलाफ प्रदर्शन
