बिजली गिरने से दो की मौत
भोपाल : पश्चिमी विक्षोभ के चलते मध्यप्रदेश के मौमस में फिर बदलाव हो गया है। पिछले चौबीस घंटों के दौरान प्रदेश के अनेक स्थानों पर तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुयी। वहीं, बिजली गिरने की दो अलग अलग घटनाओं में दो लोगों की मृत्यु हो गयी और सात झुलस गए।
मौसम विज्ञान केन्द्र भोपाल के वैज्ञानिक डॉ अभिजीत चक्रवर्ती ने आज यहां यूनीवार्ता को बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते प्रदेश के आसपास के राज्यों में मौसमी सिस्टम बने हुए हैं। इसके चलते बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से लगातार नमी मिल रही है। इसी का प्रभाव है कि पिछले चौबीस घंटों के दौरान राजधानी भोपाल सहित प्रदेश के अनेक स्थानों पर हल्की से माध्यम बारिश हुयी।
इस बीच मैहर जिले के रामनगर थाना क्षेत्र में हुई बेमौसम बारिश के दौरान बिजली गिरने से खेत मे काम कर रही तीन महिलाएं घायल हो गयीं, जिनमें से एक महिला की मौत हो गई, जबकि दो अन्य झुलस गयीं। वहीं, नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव थाना क्षेत्र के बढैयाखेडा हार में अचानक बिजली गिरने से एक किसान की मौत हो गयी और पांच अन्य झुलस गए। इसके अलावा कुछ स्थानों पर ओले भी गिरनेे की सूचना है।
मौसम वैज्ञानिक डॉ चक्रवर्ती ने बताया कि बेमौसम बारिश और आसमान में लगातार बादल छाए रहने से दिन के तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुयी, जिसके चलते गर्मी से हल्की राहत मिली है।
उन्होंने बताया कि अगले चौबीस घंटों के दौरान भी इसी तरह का मौसम बना रहने का अनुमान है। इस दौरान प्रदेश के पश्चिम के कुछ स्थानों को छोड़कर प्रदेश के अधिकतर स्थानों पर तेज हवाओं के साथ बेमौसम बारिश होने की संभावना जतायी जा रही है। वहीं कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी आशंका है। डॉ चक्रवर्ती ने बताया कि प्रदेश में अभी चार से पांच दिनों तक इसी तरह की स्थिति बनी रहने के आसार है।
राजधानी भोपाल तथा उसके आसपास के क्षेत्रों में कल शाम अचानक मौसम बदला और कुछ देर के लिए हल्की बारिश हुयी। हालांकि बाद में मौसम साफ हो गया। इसके चलते गर्मी से हल्की राहत महसूस की गयी। अगले चौबीस घंटों के दौरान में यहां बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
