गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

योगी हल्द्वानी तो प्रियंका रामनगर में मतदाताओं को लुभायेंगी

नैनीताल : भारतीय जनता पार्टी के फायर ब्रांड नेता और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को हल्द्वानी में गरजेंगे तो कांग्रेस पार्टी की खेवनहार व स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी वाड्रा रामनगर में ताल ठोकेंगी। पहले चरण के चुनाव के लिए उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी ने पूरी ताकत झोंक दी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की रूद्रपुर में विजय संकल्प रैली के बाद पार्टी ने फायर ब्रांड नेता योगी आदित्यनाथ को मैदान में उतार दिया है। वह कल यानी शनिवार को हल्द्वानी आ रहे हैं। वह एमबी कॉलेज में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपनी ईमानदार और कट्टर छवि के लिए जाने जाते हैं। उप्र में सुशासन और माफियाओं पर उनकी सख्ती ने उन्हें देश और दुनिया की तरह उत्तराखंड में भी लोकप्रिय बना दिया है। श्री मोदी के बाद प्रदेश में उनकी लोकप्रियता का ग्राफ बहुत ऊंचा है।
पार्टी योगी आदित्यनाथ के जरिए पहाड़ और तराई दोनों को साधना चाहती है। पार्टी की रणनीति है कि प्रदेश की पांचों सीटों पर जीत के अंतर को बढ़ाया जाए। इसलिए उसने योगी की सभाओं में इजाफा किया है। योगी हिन्दू वोटों के धुर्वीकरण में माहिर हैं। साथ ही हारी बाजी को पलटने का माद्दा रखते हैं। राज्य के वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा सरकार को दुबारा सत्ता में लाने में मोदी-योगी का अहम रोल रहा है।
माना जाता है कि आधा दर्जन सीटों पर योगी का खासा असर रहा है। कोटद्वार विधानसभा सीट पर उन्होंने अपने दम पर हारी बाजी को पलट दिया था और विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी को जीत का सहरा पहना दिया था।
दूसरी ओर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी कल नैनीताल जिले के रामनगर में हुंकार भरेंगी। कांग्रेस की उत्तराखंड में यह पहली रैली है। कांग्रेस श्रीमती प्रियंका गांधी वाड्रा को श्री मोदी के विकल्प के रूप में मैदान में उतार रही है। रामनगर में मुस्लिम मतदाताओं का अच्छा खासा असर है और पार्टी प्रियंका के बहाने उन्हें साधना चाहती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *