चंडीगढ़ : पंजाब सतर्कता विभाग ने लुधियाना जिले के पक्खोवाल के विकासखंड विकास एवं पंचायत अधिकारी (बीडीपीओ) गुरमुख सिंह को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। राज्य विजीलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने शुक्रवार को यह खुलासा करते हुये कहा कि उपरोक्त पंचायत अधिकारी को ब्लॉक पक्खोवाल, लुधियाना में तैनात पंचायत सचिव परमजीत सिंह की शिकायत पर गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता ने विजीलेंस ब्यूरो से संपर्क किया और आरोप लगाया कि उक्त अधिकारी उक्त कार्यालय में कार्यरत तीन अन्य पंचायत सचिवों के साथ उनका वेतन जारी करने के लिए 35 हजार रुपये की रिश्वत की मांग कर रहा है।
प्रवक्ता ने बताया कि इस शिकायत की प्रारंभिक जांच के बाद विजीलेंस ब्यूरो की टीम ने जाल बिछाया, जिसमें आरोपी बीडीपीओ को दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में शिकायतकर्ता से 30,000 रुपये की रिश्वत लेते समय रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को कल सक्षम न्यायालय में पेश किया जायेगा। उन्होंने कहा कि इस मामले में आगे की जांच जारी है।
विकासखंड विकास, पंचायत अधिकारी रिश्वत लेते गिरफ्तार
