गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

हिमाचल में दो मंजिला स्लेटनुमा मकान जलकर राख

शिमला : हिमाचल प्रदेश में जिला मण्डी के सराज विधानसभा क्षेत्र के गुराण में शनिवार देर रात आगजनी की घटना से दो मंजिला स्लेटनुमा मकान जलकर राख हो गया। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित परिवार के मुखिया पूर्ण चंद पुत्र परम् देव गाँव गुराण (थाची) बालीचौकी (सराज विधानसभा क्षेत्र) ने बताया कि उनका पूरा परिवार साथ लगते अपने नये घर मे सोया हुआ था। रात करीब एक बजे आग की घटना का पता चला व आगजनी को लेकर पास लगते ग्रामीणों ने शोर मचाकर परिवार बालों को उठाया।
इसके बाद घर की निचली मंजिल में बंधे पांच घोड़े, दो गाय, पांच बकरियों को ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत से गौशाला से बाहर निकाला लेकिन घर का पूरा कीमती सामान उम्र भर की कमाई, गहने, नगदी को नही बचा पाए। आग लगने का मुख्य कारण बिजली का शॉर्टसर्किट बताया गया है। दो मंजिला स्लेटनुमा छह कमरों के जल जाने से कुल मिलाकर 15 लाख का नुकसान होने की आशंका है।
फौरी राहत के तौर पर प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को 10,000 की फौरी सहायता राशि दी गई है व नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। ग्रामीणों ने आग की घटना को लेकर अग्निशमन विभाग को जानकारी दे दी थी व अग्निशमन विभाग लारजी की गाड़ी सुबह करीब पांच बजे पहुँची तब जाकर आग पर काबू पाया और पास लगते घरों को आगजनी से बचाया गया, नहीं तो पूरा गाँव आग की चपेट में आ जाता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *