गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

हिमाचल में विश्व हिंदू परिषद नेता की हत्या, फैली सनसनी

ऊना : हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना के तहत नंगल के रेलवे रोड में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के मंडल अध्यक्ष विकास प्रभाकर की दो अज्ञात लोगों ने तेजधार हथियारों से हमला कर हत्या कर दी। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
नंगल के रेलवे रोड पर शनिवार शाम विकास प्रभाकर अपनी दुकान पर बैठे थे। इस दौरान अज्ञात लोगों ने उनपर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। पड़ोस की दुकान का एक कर्मचारी विकास की दुकान से सामान लेने गया तो उसने विकास को जख्मी हालात में देखा। इसके बाद उक्त कर्मचारी ने अपने मालिक को जाकर बताया तो दुकानदार मनीष ने अन्य दुकानदारों के साथ विकास को गंभीर हालात में सिविल अस्पताल नंगल पंहुचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने विकास को मृत घोषित कर दिया। इस वारदात से पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल बना हुआ है और पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
फिलहाल पुलिस को सीसीटीवी कैमरों में दो संदिग्ध लोग नजर आए हैं, जो एक्टिवा पर सवार थे। इस वारदात की जानकारी मिलते ही डीएसपी अजय सिंह, थाना प्रभारी इंसपेक्टर रजनीश चौधरी भी मौके पर पंहुचे। पुलिस की तरफ से क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस उपाधीक्षक अजय सिंह ने कहा कि बैसाखी के मौके पर इस तरह की वारदात होना बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के लिए टीमों का गठन किया गया है और सीसीटीवी फुटेज में भी दो एक्टिवा सवार पर संदेह जताया जा रहा है। आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए टीमों का गठन किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *