देहरादून : देश भर में प्रधानमंत्री (पीएम) मुद्रा ऋण योजना के नाम पर ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय साईबर ठगों के गिरोह का सरगना उत्तराखंड पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने गिरफ्तार किया है। इससे पूर्व, एसटीएफ ने गिरोह के दो सदस्यों को देहरादून से पकड़ा था। अब पकड़े गए सरगना से एसटीएफ ने 13 मोबाईल, सात बैंक के एटीएम कार्डस, सात सिम कार्डस और आधार कार्डस व कई लाखों रुपये के हिसाब किताब की 10 डायरियां बरामद की हैं।
वरिष्ट पुलिस अधीक्षक (एसएसपी), एसटीएफ, आयुष अग्रवाल ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बीते आठ अप्रेल को एसटीएफ द्वारा प्रधानमन्त्री मुद्रा लोन योजना के नाम पर थाना प्रेमनगर, जनपद देहरादून क्षेत्र में रहकर ऑनलाईन ठगी करने वाले साईबर ठगों के गिरोह के दो सदस्यों को पकड़, गिरोह का भण्डाफोड़ किया गया था। पकड़े अभियुक्तों ने तेलंगना, आन्ध्रा और महाराष्ट्र राज्य के निवासियों के अलावा, देशभर में कई लोगों से लाखो रूपये की धोखाधड़ी की गयी थी। उन्होंने बताया कि इस गिरोह का मुख्य संचालक दीपक राज शर्मा तभी से फरार था। जिसे उत्तर प्रदेश के वृंदावन से गिरफ्तार कर लिया गया है।
श्री अग्रवाल ने बताया कि इस सरगना दीपक से पूछताछ में गिरोह के अन्य अभियुक्तों की भी जानकारी हुयी है। जिनकी तलाश भी शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार ठग सरगना दीपक राज शर्मा पुत्र राम लौट शर्मा, आयु 30 वर्ष, ग्राम विशुनपुर, छोटेपट्टी, थाना दोस्तपुर, जिला सुल्तानपुर, उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। उन्होंने बताया कि अभियुक्त से 13 मोबाईल, सात बैंक के एटीएम कार्डस, सात सिम कार्डस, आधार कार्डस व कई लाखों रूपये के हिसाब किताब की 10 डायरियां बरामद हुई है। उन्होंने बताया कि यह ठग अपने गांव के चुन्नीलाल इंटर कॉलेज, सुल्तानपुर से मात्र 12वीं परीक्षा पास है।
प्रधानमंत्री मुद्रा लोन के नाम पर ठगी, सरगना गिरफ्तार
