गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

संविधान खत्म हुआ तो गरीबों से सब कुछ छिन जाएगा

नई दिल्ली : राहुल गांधी ने शनिवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) संविधान खत्म करना चाहती है और अगर ऐसा हुआ तो गरीबों से सब कुछ छिन जाएगा। गांधी ने कहा,“ आज देश में लोकतंत्र तथा संविधान को बचाने का चुनाव है। एक तरफ कांग्रेस तथा विपक्षी दलों का इंडिया समूह है जो देश का संविधान और लोकतंत्र बचाने में लगा है तो दूसरी तरफ आरएसएस-भाजपा की विचारधारा है जो संविधान और लोकतंत्र को खत्म करने का प्रयास रहे हैं।”
उन्होंने कहा कि भाजपा ने लोगों से वादे किए थे वह पूरे नहीं किए। गांधी ने कहा कि भाजपा शासन में बेरोजगारी चरम पर है और महंगाई आसमान छू रही है इसलिए 400 सीट जीतने की बात करने वाली भाजपा महज 150 सीटों में सिमटकर रह जाएगी।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि आज हिंदुस्तान में 22 ऐसे लोग हैं जिनके पास उतना ही धन है जितना 70 करोड़ हिंदुस्तानियों के पास है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जनता का ध्यान भटकाकर देश का सारा धन अंबानी-अडानी को दे रहे हैं। श्री मोदी ने जितना पैसा अरबपतियों को दिया उतना ही पैसा इंडिया समूह गरीबों को देने जा रहा है। इंडिया समूह की सरकार बनने पर प्रत्येक गरीब परिवार की एक महिला को हर महीने साढ़े आठ हजार रुपये दिए जाएंगे।
श्री गांधी बेरोजगारी की चर्चा करते हुए कहा,“ आज युवा बेरोजगार हैं और श्री मोदी ने हिंदुस्तान को बेरोजगारी का केंद्र बना दिया है। नोटबंदी और जीएसटी ने रोजगार देने वाले व्यवसायों को खत्म कर दिया, जिससे आज हिंदुस्तान में रोजगार पैदा नहीं हो रहे। कांग्रेस का वादा है कि सरकार बनने पर युवाओं को अप्रेंटिसशिप का अधिकार दिया जाएगा जिसमें युवाओं को प्रशिक्षण मिलेगा और साल में एक लाख रुपए दिए जाएंगे। केंद्र में खाली पड़े 30 लाख सरकारी पदों को भरा जाएगा। इसके अलावा पेपर लीक रोकने के लिए कानून भी बनाया जाएगा और अग्निवीर योजना को रद्द किया जाएगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *