गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

भाजपा ने मुख्य सचिव को निलंबित करने की मांग की

बेंगलुरु : कर्नाटक में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को प्रदेश के मुख्य सचिव रजनीश गोयल को तत्काल निलंबित करने की मांग की और उन पर विधान सौध परिसर में केंद्र के खिलाफ विरोध प्रदर्शन की अनुमति देकर कांग्रेस सरकार के साथ मिलीभगत करने का आरोप लगाया।
भाजपा ने शिकायत में कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला, मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार सहित कांग्रेस पार्टी के स्टार प्रचारकों को तत्काल प्रभाव से चुनाव प्रचार में भाग लेने से रोकने की भी मांग की।
राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता और वरिष्ठ भाजपा नेता आर अशोक के नेतृत्व में पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि केंद्र सरकार के खिलाफ कांग्रेस पार्टी का विरोध प्रदर्शन आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है।
विधान सौधा में महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास आयोजित विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व श्री सिद्धारमैया और श्री सुरजेवाला ने किया। उन्होंने केंद्र पर कर्नाटक से सूखा राहत राशि रोकने का आरोप लगाया। श्री अशोक ने शिकायत दर्ज कराने के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘मुख्यमंत्री सिद्धारमैया का विरोध आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है। हमें हमारी शिकायतों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।’
श्री सिद्धारमैया ने आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए विरोध प्रदर्शन का बचाव करते हुए इसे कर्नाटक के प्रति केंद्र के सौतेले व्यवहार के खिलाफ एक प्रतीकात्मक प्रदर्शन बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *