गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

उत्तराखंड में पांच ड्रग्स तस्कर गिरफ्तार

दो करोड़ से अधिक का ड्रग्स बरामद

देहरादून : उत्तराखंड पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) की नशा उन्मूलन छापेमारी दल (एएनटीएफ) और देहरादून पुलिस ने रविवार को दो अलग-अलग स्थानों से कई करोड़ रुपए कीमत के एलएसडी ड्रग्स, हेरोइन और चरस बरामद की है। साथ ही, एक अंतरराष्ट्रीय तस्कर सहित कुल पांच नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है।
‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ अभियान के अंतर्गत, एसटीएफ और पुलिस की टीमों को रविवार बड़ी सफलता मिली। देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय सिंह ने आज बताया कि थाना प्रेमनगर को शनिवार को कुख्यात कोबरा गैंग के सदस्यों द्वारा देहरादून में हाई प्रोफाइल ड्रग एलएसडी (लिजरजिक एसिड डाइथिलएमाइड) सप्लाई किये जाने की सूचना मिली। जिस पर थानाध्यक्ष ने अपने स्तर पर तत्काल अलग-अलग टीमें गठित की। जिसने मुखबिर की सूचना पर, चैकिंग के दौरान, नंदा की चौकी, बिधोली रोड से तीन अभियुक्तों को एलएसडी के 2058 ब्लॉटस, 6 ग्राम अवैध हेरोइन तथा इलेक्ट्रॉनिक मिनी तराजू, के साथ गिरफ्तार किया गया। साथ ही, तस्करी में प्रयुक्त दो वाहनो को भी सीज किया गया।
श्री सिंह ने बताया कि गिरफ्तार इन नशा तस्करों की पहचान रजत भाटिया पुत्र अशोक भाटिया, निवासी मकान नंबर- 22 हकीकत नगर, थाना सदर, जिला सहारनपुर, उत्तर प्रदेश, उम्र 25 वर्ष, इसी मोहल्ले का शिवम अरोड़ा पुत्र अशोक अरोड़ा, उम्र 25 वर्ष और कृष गिरोटी पुत्र प्रवीण गिरोटी, निवासी मकान नंबर 11सी, ईदगाह, चकराता रोड, थाना कैंट, देहरादून के रूप में हुई है। जिनसे बरामद ड्रग्स की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग दो करोड, पांच लाख रुपये है। भारतीय बाजार में इसकी कीमत लगभग 63 लाख रुपए अनुमानित है। ये लोग एलएसडी मंगवाने के लिये डार्क वैब का प्रयोग करते थे। उल्लेखनीय है कि देहरादून पुलिस पूर्व में भी इस ड्रग्स के साथ एक विदेशी महिला और भारतीय पुरुषों को गिरफ्तार कर चुकी है। अभियुक्तो को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम को एसएसपी द्वारा 25000/- रुपए के पुरुस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की गई है।
दूसरी ओर, इस बार एएनटीएफ ने एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्कर व एक अन्य तस्कर को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 3 किलो 400 ग्राम चरस बरामद की है। एसएसपी, एसटीएफ आयुष अग्रवाल ने बताया कि बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में लाखों रुपए कीमत आंकी गई है। उन्होंने आज बताया कि सीओ एसटीएफ आरबी चमोला के पर्यवेक्षण में थाना रायपुर पुलिस के साथ, तपोवन रोड के पास से अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्कर धर्मराज धामी पुत्र हरी लाल, निवासी नेपाल, उम्र 43 वर्ष तथा आयुष रावत पुत्र त्रिलोक सिंह रावत, निवासी ग्राम नेगर, थाना देवप्रयाग, जनपद टिहरी गढ़वाल, उम्र 20 को गिरफ्तार किया है। जबकि मौके से दो चरस् तस्कर नीरज कठैत व सौरभ चौहान भागने में सफल रहे। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त पिछले कई सालों से उत्तराखंड में चरस की सप्लाई कर रहे थे। गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछताछ में बताया कि वह यह चरस नेपाल से लेकर आते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *