गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

शाह के एडिटेड वीडियो मामले में दो गिरफ्तार

अहमदाबाद : गुजरात में अहमदाबाद शहर की साइबर क्राइम ब्रांच ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के एडिटेड वीडियो मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
साइबर क्राइम डीसीपी डॉ लवीना सिन्हा ने मंगलवार को बताया कि श्री शाह के भाषण का एडिटेड वीडियो वायरल मामले में राज्य के बनासकांठा जिले के पालनपुर की सत्कार सोसायटी निवासी सतीश प्र. वणसोला (36) और दाहोद जिले के लिमखेड़ा के मार्केट यार्ड गेट के सामने निवासी राकेशभाई बा. बारिया (35) को पकड़ लिया गया है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने बताया कि सतीश वणसोला ने बीई एलएलबी तक पढ़ाई की है और कांग्रेस पार्टी के विधायक जिग्नेशभाई मेवाणी के पीए के रूप में पिछले छह वर्षों से काम कर रहा है। राकेशभाई बारिया ने कक्षा-10 फेल तक पढ़ाई की है और पिछले चार महीनों से आम आदमी पार्टी के दाहोद जिला अध्यक्ष के रूप में कार्यरत हैं।
डॉ लवीना सिन्हा ने बताया कि गिरफ्तार सतीश वणसोला का पिछले 12 वर्षों से ‘सतीश वंसोला’ नाम से फेसबुक अकाउंट है और उसने अपने फेसबुक अकाउंट पर 29 अप्रैल को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आरक्षित जातियों और गैर-आरक्षित जातियों के बीच वर्ग संघर्ष पैदा करने के इरादे से लोकसभा चुनाव के नतीजे को प्रभावित करने के लिए श्री शाह के भाषण का एडिटेड वीडियो अपलोड करके एक आपराधिक कृत्य किया है। इसी तरह राकेशभाई बारिया ने अपनी फेसबुक आई.डी. आर.बी. बारिया पर से 27 अप्रैल को अपने फेसबुक अकाउंट पर आरक्षित जातियों एवं अनारक्षित जातियों के बीच वर्ग संघर्ष पैदा करने के इरादे से और लोकसभा चुनाव के परिणाम को प्रभावित करने की मंशा से सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर श्री शाह के भाषण का एडिटेड वीडियो अपलोड करके एक आपराधिक कृत्य किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *