गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

निर्माणाधीन मकान की छत गिरी, दो मजदूरों की मौत

धौलपुर : राजस्थान में धौलपुर जिले में निर्माणाधीन मकान की छत गिरने से दो मजदूरों की मौत हो तथा छह घायल हो गये।
प्राप्त जानकारी अनुसार घटना शहर के बाड़ी कोतवाली क्षेत्र में संत नगर सड़क मार्ग की राजपूत कॉलोनी में बुधवार रात 12 बजे की है।
हादसे के बाद चीख-पुकार मच गयी। लोगों ने पुलिस और उपखंड प्रशासन अधिकारियों को सूचना दी। फौरन मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन ने रेस्क्यू शुरू किया। बताया जा रहा है कि ईंट का पिलर टूटने से हादसा हुआ। उपखंड अधिकारी राधेश्याम मीणा ने बताया कि संत नगर सड़क मार्ग पर नीरज कुमार के मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। मकान में करीब 20 मजदूर काम कर रहे थे। मकान की तीसरी मंजिल पर 8 मजदूर आरसीसी छत डाल रहे थे। रात करीब 12 बजे छत गिर गयी। तीसरी मंजिल की छत पर काम कर रहे आठ मजदूर नीचे गिर गये और मलबे में दब गये। मटेरियल चढ़ा रहे अन्य 12 मजदूरों में भगदड़ मच गयी।
हादसे में लखन लोधा (35) निवासी मूसलपुर और भोला (32)की मौत हो गयी। मलबे में दबने से कृपाल, बृजमोहन, भूरी, लौके, गोपीचंद सहित 6 मजदूर घायल हुये। उन्हें इलाज के लिये जिला अस्पताल रेफर किया गया। चार मजदूरों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें आगरा के हायर सेंटर पर रेफर किया गया है। दो मजदूरों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *