गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

मोदी की गारंटी झूठ का पुलिंदा है

कृष्णानगर : ममता बनर्जी ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधा और कहा कि “मोदी की गारंटी झूठ का पुलिंदा” है। इसके साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार पर महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम के तहत श्रमिकों का धन रोककर राज्य के लाखों लोगों के साथ “भेदभाव” करने का भी आरोप लगाया।
कृष्णानगर लोकसभा सीट से तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार महुआ मोइत्रा के समर्थन में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुये तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा देश में पिछड़े वर्ग, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और वंचितों को हाशिये पर धकेलने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने नागरिकता संशोधन कानून, राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर को लेकर सवाल उठाये और भाजपा को समान नागरिक संहिता लागू करने की चुनौती दी। सुश्री बनर्जी ने कहा, “ हम बंगाल में ऐसा नहीं होने देंगे।” उन्होंने लोगों से तृणमूल कांग्रेस को वोट देने और इंडिया गठबंधन के साथ अगली सरकार बनाने में पार्टी की मदद करने का आह्वान किया।
तृणमूल सुप्रीमो ने कहा, “ हमें केंद्र में सत्ता परिवर्तन करने और भाजपा को पराजित करने की जरूरत है।” उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे लोकसभा चुनाव में कांग्रेस और वामपंथी दलों को भी वोट न दें। बनर्जी ने कहा कि बंगाल का विकास तृणमूल कांग्रेस के शासन में हुआ और केंद्र सरकार ने राज्य की उपेक्षा की है। नादिया जिले के तेहट्टा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने दोहराया कि वह पश्चिम बंगाल में नागरिकता संशोधन कानून और राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर लागू नहीं होने देंगी।
उन्होंने दावा किया कि राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी द्वारा महिलाओं सहित राज्य के आम लोगों को विभिन्न विकासात्मक योजनाओं के तहत लाभ दिया गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में कोई भी सुरक्षित नहीं रहेगा। उन्होंने दावा किया कि लोकसभा चुनावों के बाद भाजपा केन्द्र की सत्ता में नहीं रहेगी।
उन्होंने लोगों से भाजपा का विरोध करने और केंद्र में एक अलग सरकार चुनने का आह्वान किया। इससे पहले तृणमूल सुप्रीमो ने दिल्ली सहित राज्य के बाहर से चुनाव प्रचार के लिए राज्य में आने वाले भाजपा नेताओं को प्रवासी पक्षी करार दिया।
सुश्री बनर्जी जो 2000 में अपनी स्थापना के बाद से टीएमसी का चेहरा हैं, ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कहा, “बंगाल और भाजपा एक अच्छा मेल नहीं हैं क्योंकि उनकी मिजाज हमसे पूरी तरह से अलग है।” उन्होंने कहा, “हम अपनी संस्कृति और परंपरा को बरकरार रखते हैं, लेकिन दिल्ली से आने वाले प्रवासी पक्षी बंगाल में झूठ फैलाने के अलावा कुछ नहीं करते हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *